हज ट्रेनिंग कैंप में 600 से अधिक हाजियों ने ली ट्रेनिंग, हरम-ए-मक्का के मॉडल की सराहना
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी द्वारा 23 फरवरी 2025 को हज हाउस कर्बला में हज 2025 पर जाने वाले हाजियों के लिए हज ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में जयपुर, दौसा, फागी, रेनवाल, चाकसू, अचरोल सहित कई स्थानों से आए हाजियों ने भाग लिया। सोसाइटी के नायब सदर हाजी जावेद कागज़ी ने बताया कि कैंप में हाजियों को हज और उमराह के अरकान एवं प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से हरम-ए-मक्का के मॉडल के माध्यम से हाजियों को ट्रेनिंग दी गई, जिसे सभी ने खूब सराहा। कैंप में विशेषज्ञों ने हज यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। गुलाम रसूल ने उमराह का तरीका समझाया, हाजी हसीनुद्दीन ने मदीना के सफर की जानकारी दी, हाजी परवेज ने हज के अरकानों पर रोशनी डाली और हाजी ताहिर आजाद ने हज की तैयारी से जुड़े अहम बिंदुओं पर चर्चा की। कैंप में हाजियों ने राजस्थान हज कमेटी के चेयरमैन की नियुक्ति न होने और अधिशासी अधिकारी द्वारा हज से जुड़े कार्यों में रुचि न लेने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द चेयरमैन नियुक्त करने की मांग की। इस ट्रेनिंग कैंप में 600 से अधिक पुरुष और महिलाओं ने भाग लिया। कैंप के आयोजन में हाजी निजामुद्दीन, हाजी वसीम अहमद, निजामुद्दीन मुहाना, अल्ताफ हुसैन, हाजी आकिब खान, अशफ़ाक नकवी, असलम साबरी, डॉ. इरफान सहित अन्य लोगों ने सहयोग दिया। राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित यह कैंप हाजियों के लिए उपयोगी साबित हुआ और हज यात्रा को आसान बनाने में सहायक रहेगा
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
