Loading...

गोमांस ले जाने के शक में अलीगढ़ मे मॉब लिंचिंग, गाड़ी को आग के हवाले किया

Jaipur

Follow us

Share

  • अलीगढ़ पुलिस ने अज्ञात लोगों पर दर्ज किया केस

अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां भीड़ ने मवेशियों का मांस ले जा रहे चार लोगों पर बेरहमी से हमला किया और उनके वाहन को आग के हवाले कर दिया। पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने 25 हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है और मांस के नमूने फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। पुलिस के अनुसार मवेशियों के मांस को ले जाने के संदेह में शनिवार को भीड़ द्वारा चार लोगों की पीट-पीटकर हत्या का प्रयास किया गया और उनके वाहन में आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक आक्रोशित भीड़ ने वाहन को जबरन रुकवाया और उसमें सवार चार लोगों की पिटाई की। पुलिस की एक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर चारों लोगों को भीड़ से बचाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने रविवार को घटना के वीडियो से ली गई तस्वीरें (स्क्रीनशॉट) जारी किए यह घटना 24 मई 2025 शनिवार की है।

घायल के परिवार ने दर्ज कराया केस
इस बीच, हरदुआगंज थाने में एक घायल के परिवार के सदस्य ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। प्राथमिकी में मुख्य रूप से दक्षिणपंथी संगठनों से जुड़े बारह लोगों के अलावा 25 अज्ञातों का जिक्र किया गया है। पुलिस ने शनिवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत चार घायलों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अमृत जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हरदुआगंज थाने के पनेट्टी गांव के पास शनिवार को वाहन से जब्त मांस के नमूने को मथुरा स्थित राज्य प्रयोगशाला में भेजा गया है ताकि पता चल सके कि यह प्रतिबंधित पशु का मांस है या नहीं।

पुलिस के सामने भी पीट रहे थे आरोपी

हरदुआगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह टाटा मैक्स गाड़ी से 4 युवक अरबाज, अकील, कदीम और दिलावर गोश्त लेकर अतरौली बाजार की ओर जा रहे थे। रास्ते में हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने गो-मांस का संदेह होने पर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि लोगों ने चारों के साथ बिना बातचीत किए मारपीट शुरू कर दी। गुस्साई भीड़ ने मैक्स गाड़ी पलट दी थी और उसमें आग लगा दी थी। इसके साथ ही गोश्त लेकर जा रहे चारों युवकों के कपड़े फाड़कर उनकी बेरहमी से पिटाई की थी। चारों को लहुलूहान कर दिया था। पुलिस के सामने भी आरोपी उन्हें पीटते रहे थे और अधमरा कर दिया था। पहुंची पुलिस ने उन्हें बचाया था और अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उनका इलाज जारी है। योगी की पुलिस आरोपियों पर कैसे कार्यवाही करेगी, सभी जानते हैं। लेकिन भारत पाक युद्ध के बाद भाजपा शासित राज्यों में मुसलमानों पर अत्याचार बढ़ गया है। मुसलमानों को बांग्लादेशी  होने के आरोप में जेल में डाला जा रहा है, उनके मकान पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और मारा पीटा जा रहा है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।