जयपुर नगर निगम चुनाव में में भाजपा को करारी शिकस्त देगी “मेवपा”
जयपुर(रॉयल पत्रिका)। खो-नागोरियान में रविवार 22, दिसम्बर की शाम 36, क़ौम का भाईचारा सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें शहर जयपुर के युवाओं के साथ साथ इलाक़ा ए मेवात के तालीमयाफ़्ता नौजवानों ने शिरकत की और मुल्क की ऊंची उड़ान और बुलंद परवाज़ के लिए 36 क़ौमों की नई नस्लों में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देने का फ़ैसला लिया। सम्मेलन की अध्यक्षता जयपुर शहर निवासी मेवात की जानी-मानी शख़्सियत चौधरी अरशद ख़ान (मेहराब मोटर्स) ने की और मुख्य अतिथि के रूप में “मेरा वतन पार्टी” (मेवपा) के संस्थापक सदस्य चौधरी अकबर क़ासमी ने शिरकत की। सम्मेलन में अकबर क़ासमी ने एक ऐतिहासिक महत्व रखने वाला भाषण दिया जिसमें शहर जयपुर और मेवात के आपसी संबंधों पर जानकारी दी। क़ासमी ने भारत की आज़ादी में मेवातियों के महत्वपूर्ण योगदान पर तफ़सीली रोशनी डाली और ऐतिहासिक तथ्यों के आधार पर बताया कि पिछले पांच सौ वर्षों में बाबर से लेकर अंग्रेज़ों तक 36, क़ौमों के सम्मान की विचारधारा रखने वाली मेवात आज़ाद भारत में भी एकता, समानता और भाईचारे की प्रतीक बनी हुई है। उन्होंने मेव-मीणा भाई भाई के सामाजिक रिश्तों पर भी रोशनी डाली और कहा कि भारत के सदियों पुराने इतिहास में यह दोनों क़बीले एक दूसरे के पक्षधर रहे हैं और फिर से ज़रूरत महसूस की जा रही है कि इस इतिहास को दोहराया जिसके लिए जल्दी ही जयपुर में मेव-मीणा भाईचारा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मेवातियों द्वारा मेवात की सरज़मीन पर गठित होने वाली पार्टी, मेरा वतन पार्टी: (मेवपा) के हवाले से उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों को फटकार लगाई और खुले शब्दों में चेतावनी दी कि सुधर जाओ और जनता के साथ छल-कपट मत करो, भेद-भाव की राजनीति छोड़ दो। क़ासमी ने नवनिर्मित पार्टी के बुनियादी उद्देश्यों में जयपुर नगर निगम चुनाव में अपनी पार्टी द्वारा बोर्ड का गठन बताया और कहा कि वह सभी सामाजिक संगठनों और छोटे राजनीतिक दलों के साथ मिलकर एक ऐसी चुनावी रणनीति के साथ मैदान में उतरेंगे कि भाजपा और कांग्रेस दोनों को निगम से बाहर का रास्ता दिखाएंगे और अगामी विधानसभा चुनाव में भी वह पार्टी को राजस्थान की सबसे लोकप्रिय पार्टी बनाएंगे और मुख्यमंत्री के रूप में किसी क़ाबिल युवा मीणा चेहरे को आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर चौधरी अरशद ख़ान ने मेवात के सभी युवाओं से इलाक़े को दहेज मुक्त बनाने की अपील की। कार्यक्रम के आयोजकों में मेवात आवाम मोर्चा के अध्यक्ष मुजीम कोटिया, क़ारी सलीम अहमद सहरावत सहित बहुत से पदाधिकारियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में दिल्ली से क़ारी सूलेमान साहब मालब के सुपुत्र क़ारी यूसुफ़ हसन एवं स्थानीय लोगों में दोनों पार्षदों के अलावा युनुस खान, भाई रफ़ीक़, निज़रा आदि मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
