Loading...

दिल्ली के रेस्टोरेंट में आग का तांडव, 21 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के लिए मदद का ऐलान

Follow us

Share

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं। रेस्टोरेंट के बेसमेंट से गंभीर हालत में लोगों को रेस्क्यू किया गया था। जिस बिल्डिंग में आग लगी वो 5 मंजिल की है। लोगों ने बिल्डिंग से कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक, सुबह 9.45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। बेसमेंट से रेस्क्यू किए गए 3 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर दमकल विभाग की गाडियां मौजूद हैं।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस टीम को मालवीय नगर में लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके तुरंत बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के बेसमेंट से ये आग लगनी शुरू हुई। दमकलकर्मियों ने 11 लोगों को रेस्क्यू किया। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं। घायलों को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

एक ही परिवार के छह लोगों की हुई मौत

गुरुग्राम के रहने वाले विवेक अग्रवाल की हादसे में मौत हुई है। बड़ी बेटी जीविशा की भी मौत हो गई है। गुरुग्राम निवासी विवेक के पिताजी मैक्स साकेत में भर्ती है। वह अपनी पत्नी दो बेटी के साथ उनकी देखरेख के लिए यहां पर आए हुए थे और वह घटना वाले गेस्ट हाउस में रुके थे। आज सुबह ही उनके मौसा और मौसी भी मिलने के लिए आए थे। यह सब घटना में हताहत हो गए हैं। उनके परिजन अस्पताल के बाहर रुके हुए हैं। इस परिवार के छह लोगों की मौत हुई है। इसमें मामा-मामी और मौसा मौसी भी शामिल हैं। परिवार के अनुसार, विवेक की पत्नी और छोटी बेटी के बारे में अब तक परिजनों को कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।

दिल्ली पुलिस ने हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि की

डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि आज सुबह 8:48 बजे, मालवीय नगर स्थित ‘फ्लोरिश स्टे B&B’ में आग लगने की सूचना मिली। बड़े दुख के साथ यह सूचित किया जाता है कि इस दुखद घटना में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस, दमकल सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया कर्मी के आपसी तालमेल से किए गए प्रयासों के चलते, 40 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बचाव और तलाशी अभियान अभी भी जारी हैं और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां मौके पर तैनात हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों के लिए मदद का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मालवीय नगर आग की घटना में हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त किया। प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

दिल्ली CM ने हादसे पर जताया दुख

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट करते हुए लिखा-“मालवीय नगर में लगी भीषण आग की घटना में लोगों की जान जाने से मैं बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और इस दिल दहला देने वाली घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत और हौसला मिलने की प्रार्थना करती हूं। घटना की जानकारी मिलते ही, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, DDMA, CATS एम्बुलेंस सर्विस और दूसरी इमरजेंसी रिस्पॉन्स एजेंसियों की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया और उन्होंने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिए। दिल्ली सरकार हालात पर बारीकी से नज़र रखे हुए है।

AAP विधायक सोमनाथ भारती ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी देते हुए बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र हौज रानी में एक बहुमंजिला इमारत में सुबह करीब 8:30 बजे भीषण आग लगी। उन्होंने हताहतों की आशंका जताते हुए कहा कि इसमें मुख्य रूप से दक्षिण अफ्रीकी नागरिक फंसे हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस समय भी कुछ लोग रेस्टोरेंट के अंदर फंसे हुए हैं जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजधानी दिल्ली में इस तरह का अग्निकांड कोई पहली बार देखने को नहीं मिला है। इससे पहले भी दिल्ली के कई अलग-अलग इलाकों में इसी तरह की भीषण आग लग चुकी है।

मारे गए लोगों में से अधिकांश विदेशी नागरिक

साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में कई विदेशी नागरिक भी इलाज करने के लिए पहुंचते हैं, जिसकी वजह से आसपास कई होटल और रेस्टोरेंट बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिस रेस्टोरेंट कम होटल में आग लगी उसमें कई विदेशी भी ठहरे हुए थे। अभी जो जानकारी आ रही है उसके अनुसार होटल को सिर्फ 6 कमरे बनाने की अनुमति थी, लेकिन यहां पर अवैध रूप से 25 कमरे बने हुए थे। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी आग में मारे गए लोगों में से अधिकांश विदेशी नागरिक हैं।

एक दिन पहले भी हुई थी ऐसी घटना

बता दें कि यह घटना दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार की सुबह एक इमारत ढहने के एक दिन बाद हुई है, जिसमें संदिग्ध एलपीजी सिलिंडर विस्फोट के कारण दस लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। यह हादसा मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। सूचना मिलने के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और अभियान शुरू किया गया।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।