महावतान बिरादरी ने लिया बड़ा फैसला, सादगी से निकाह पर दिया जोर
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)।महावतान बिरादरी के पंच-सरपंचों और गणमान्य व्यक्तियों की एक अहम बैठक घाटगेट स्थित चांद छबील, सुब्हान उस्मान मस्जिद के पास 25 फरवरी को आयोजित की गई। बैठक का मकसद समाज में शादियों से गैर-इस्लामी रस्मों को खत्म कर इस्लामी सादगी को अपनाने पर जोर देना था।
गरीब नवाज फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बिरादरी के प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। बैठक में मुख्य अतिथि चीफ काजी खालिद उस्मानी, शरई काजी मुफ्ती गुफरान रज़ा मिस्बाही, हाफिज आफताब अहमद, हाफिज रियाज अहमद और कारी अब्दुल मुगनी ने कहा कि निकाह को बोझ नहीं, बल्कि आसान बनाया जाना चाहिए। फिजूलखर्ची और दिखावे से बचकर इसे इस्लामी सादगी के साथ संपन्न करना ही समाज के लिए फायदेमंद होगा। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि जो लोग इन नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन पर बिरादरी की ओर से कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन वार्ड 83 के पार्षद प्रत्याशी रहे शाहनवाज लाला ने किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज में फैली बुराइयों को दूर कर निकाह को आसान बनाना है। इस अवसर पर तालीम को बढ़ावा देने के लिए 23 हाफिजों, एक आलिम, चार आलिमा, दस डॉक्टर, दो इंजीनियर और एक लेक्चरर को सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में जागरूकता फैलाना और युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था। बैठक में पार्षद हाजी उम्रदराज, पार्षद असमा खान, अशफाक अहमद, एडवोकेट गुलाम मुस्तफा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने इस पहल का समर्थन किया और इसे समाज सुधार की दिशा में अहम कदम बताया। बैठक के अंत में बिरादरी के सदस्यों ने गैर-इस्लामी रस्मों को त्यागने और शिक्षा को बढ़ावा देने की शपथ ली, ताकि आने वाली पीढ़ी एक बेहतर और शिक्षित समाज में आगे बढ़ सके।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
