Loading...

‘बस चुनाव होने दो फिर करूंगा बड़ा भंडाफोड़—डोटासरा पर भड़के किरोड़ी मीणा | Rajasthan Politics News

जयपुर

Follow us

Share

Rajasthan News : जयपुर। राजस्थान की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। विधानसभा चुनावों से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो चुकी है और एक बार बार सुर्खियों में हैं राज्य के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा। मंत्री जी का एक बयान पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बन गया है-उन्होंने कहा, बस चुनाव होने दो, फिर कई बड़े भंडाफोड़ करूंगा।

किरोड़ी मीणा ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि कई बड़ी कार्यवाहियों पर उनकी नजर है। उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी बताया कि सिस्टम में अब भी कई ऐसी कमियां हैं जिन पर सख्त निगरानी जरूरी है। उन्होंने कहा- निगरानी जरूरी है ताकि भ्रष्टाचार की जड़ें फैल न सकें। कुछ अफसर ऐसे होते हैं जो वक्त-वक्त पर गड़बड़ कर बैठते हैं, इसलिए जरूरी है कि नेता खुद मैदान में रहें और सब पर नजर रखें।

मंत्री मीणा ने उदाहरण देते हुए कहा—मछली कब पानी पी जाए, किसी को पता नहीं चलता। वैसे ही कुछ अफसर कब गलत कदम उठा लें, यह भी किसी को नहीं पता चलता। उन्होंने साफ किया कि उनका मकसद किसी अधिकारी को भ्रष्ट कहना नहीं है, बल्कि सिस्टम पर निरंतर नजर रखना है ताकि कोई गलती या गड़बड़ी पनप ही न सके।

भ्रष्टाचार पर किरोड़ी मीणा का बड़ा दावा

किरोड़ी मीणा ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर अब तक की सबसे कड़ी कार्रवाई हो रही है। देश के इतिहास में पहली बार इतने थानेदार जेल गए हैं। पिछले राज में जो फाइलें दबा दी गई थीं, उन पर अब तेजी से कार्रवाई हो रही है। 76 थानेदार और RPSC के दो सदस्य जेल जा चुके हैं। थोड़ा वक्त लगेगा, लेकिन सजा पक्की मिलेगी। उनका यह बयान साफ संकेत देता है कि सरकार अब प्रशासनिक स्तर पर भी सख्त रुख अपनाने वाली है।

डोटासरा पर सीधा वार

राजनीतिक तंज कसते हुए किरोड़ी मीणा ने कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधा। डोटासरा जी चाहे जब मुझे गालियां दे देते हैं, जब मन आता है मुझ पर निशाना साध देते हैं। लेकिन पहली बार उन्होंने मुझे साधु कहा है—तो आज पहली बार गालियां खाने से बच गया हूं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि अब थोड़ा गालियों से बख्श दो भाई, क्योंकि जनता अब बदज़ुबानी वाली राजनीति से थक चुकी है।

वसुंधरा राजे की तारीफ

किरोड़ी मीणा ने इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की भी सराहना की। वसुंधरा जी का मिलनसार स्वभाव और उनके विकास कार्य आज भी हाड़ौती क्षेत्र में याद किए जाते हैं। जैसे देश में प्रधानमंत्री मोदी के कहने से वोट घूमते हैं, वैसे ही राजस्थान में वसुंधरा जी का असर अब भी कायम है।

किसानों के लिए बड़ी राहत की घोषणा

अपने भाषण के आखिरी हिस्से में मंत्री मीणा ने किसानों के दर्द को उठाया और भरोसा दिलाया कि हर नुकसान की भरपाई की जाएगी।

उन्होंने कहा-‘दो तरह का नुकसान हुआ है। कहीं बीज उगा ही नहीं, और कहीं फसल उगी, लेकिन बरसात ने सब डुबा दिया। सरकार दोनों तरह से राहत देगी । बीमा से भी और आपदा राहत से भी।’

किरोड़ी मीणा ने बताया कि ड्रोन सर्वे के जरिए फसलों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जिन खेतों में 50% से 90% तक फसल का नुकसान हुआ है, वहां किसानों को पूरा मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि केवल कोटा जिले में 150 करोड़ रुपए फसल बीमा के तहत दिए जा रहे हैं, जबकि पूरे हाड़ौती क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपए किसानों की मदद के लिए जारी होंगे। मैं खुद किसान का बेटा हूं, किसान की तकलीफ समझता हूं। इस बार राहत वैसी मिलेगी, जैसी आज तक किसी सरकार ने नहीं दी।

राजनीति में बयानबाजी जारी

किरोड़ी मीणा का यह बयान राजस्थान की राजनीति में नई हलचल पैदा कर गया है। अब देखना यह होगा कि मंत्री जी चुनाव के बाद जिन ‘भंडाफोड़ों’ की बात कर रहे हैं, वो आखिर क्या होंगे। फिलहाल, राज्य की सियासत में एक बार फिर माहौल गर्म है-और हर दल अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतरने को तैयार दिख रहा है। राजस्थान की राजनीति में यह बयान सिर्फ एक विवाद नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों का संकेत भी है। एक तरफ डोटासरा-किरोड़ी मीणा की जुबानी जंग है, तो दूसरी तरफ जनता राहत योजनाओं और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठी है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।