कानोता डैम की पुलिया को ओवरलोड ट्रैक्टरों से खतरा
कानोता (रॉयल पत्रिका)। राजधानी जयपुर के निकट स्थित कानोता डैम की पुलिया पर इन दिनों नियमों को ताक पर रखकर मौत का खेल खेला जा रहा है। पुलिया पर भारी और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है, लेकिन इसके बावजूद पत्थर से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर बेधड़क होकर गुजर रहे हैं, जिससे किसी भी समय एक बड़े हादसे का अंदेशा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, पुलिया पर ओवरलोड वाहनों को रोकने के लिए लगाए गए पत्थरों को ट्रैक्टर चालक खुद ही आगे-पीछे खिसका कर अपने वाहनों के लिए रास्ता बना लेते हैं। इन ट्रैक्टरों में टनों के हिसाब से पत्थर भरे होते हैं, जिनका वजन पुलिया की क्षमता से कहीं ज्यादा होता है। चालक न सिर्फ अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि पुलिया से गुजरने वाले अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह खतरनाक सिलसिला लंबे समय से चल रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर आता है और न ही पुलिस कोई कार्रवाई करती है। प्रशासन की इस घोर लापरवाही के कारण ट्रैक्टर चालकों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि अगर जल्द ही इस अवैध और खतरनाक आवाजाही को नहीं रोका गया, तो कभी भी कोई बड़ी जनहानि हो सकती है। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग कब अपनी नींद से जागेगा और इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम उठाएगा।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
