कागजी समाज ने भरी 16वीं उड़ान: सामूहिक विवाह सम्मेलन बन गया सादगी और एकता का प्रतीक
मोहम्मद सादिक हिंदुस्तानी
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। सांगानेर का कागजी समाज, जो अपनी मेहनत, ईमानदारी और व्यापारिक सफलता के लिए देशभर में मशहूर है, उसने एक बार फिर मिसाल कायम करते हुए अपने 16वें सामूहिक विवाह सम्मेलन का शानदार आयोजन किया। इस ऐतिहासिक सम्मेलन में समाज ने दिखा दिया कि जब दिलों में एकता और सेवा का जज़्बा हो, तो सादगी के साथ भी भव्य आयोजन संभव है। इस आयोजन की शुरुआत वर्ष 1986 में समाज के बुजुर्ग और प्रेरणास्त्रोत सलीम कागजी उर्फ बाबूजी ने की थी। उन्होंने अपने समाज को यह दिखाया कि विवाह जैसे पवित्र बंधन को अनावश्यक खर्चों से दूर रहकर भी आत्मसम्मान और गरिमा के साथ निभाया जा सकता है। आज यह आयोजन एक परंपरा बन चुका है, जो न केवल कागजी समाज बल्कि अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन गया है। 11 अप्रैल को आयोजित इस 16वें सामूहिक विवाह सम्मेलन में कुल 38 जोड़ों का निकाह इमली गट्टा ग्राउंड, सांगानेर में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन की अगुवाई पंचायत कागजियान सांगानेर ने की, और इस मौके पर सामाजिक, राजनीतिक व औद्योगिक जगत की कई नामी हस्तियाँ मौजूद रहीं। मुख्य अतिथियों में आर.आर. तिवारी (जिला अध्यक्ष राष्ट्रीय कांग्रेस जयपुर शहर एवं हवा महल विधायक प्रत्याशी), हाकम अली खान (विधायक, फतेहपुर), यूनुस खान (विधायक, डीडवाना), रफीक खान (विधायक, आदर्श नगर एवं चेयरमैन वक्फ बोर्ड राजस्थान), एम.डी. चोपदार (चेयरमैन, मदरसा बोर्ड राजस्थान), अमीन कागजी (विधायक किशनपोल एवं चेयरमैन, हज कमेटी राजस्थान), टीकम राम जूली (नेता प्रतिपक्ष, राजस्थान विधानसभा), सबा करीम कागजी (मजिस्ट्रेट, सवाई माधोपुर), तथा हाजी नवाब कागजी जैसे कई विशिष्ट जन उपस्थित रहे। इसके अलावा समाज के वरिष्ठ और प्रमुख व्यक्तियों में हाजी सईद कागजी (सेक्रेटरी, पंचायत कागजियान), हाजी खालिद कागजी, हाजी अबुल हसन कागजी, जावेद कागजी (समाजसेवी), हाजी अब्दुल रशीद कागजी (सदर), हाजी वजीर पठान, हाजी गनी कागजी, इमाम साहब कागजी जामा मस्जिद, काजी खलील कागजी सहित दिल्ली के औद्योगिक घरानों की कई हस्तियों ने मंच की शोभा बढ़ाई। समारोह में सभी नवविवाहित जोड़ों को समाज की ओर से तोहफ़े, दुआएँ और ढेर सारी शुभकामनाएं दी गईं। मुख्य अतिथियों और विशिष्ट जनों का पारंपरिक साफा, हार व फूलों से भव्य स्वागत किया गया। आयोजन में हज़ारों लोगों ने शिरकत की और स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। कागजी समाज ने इस आयोजन के माध्यम से यह पैग़ाम दिया कि सादगी में ही असली शान है, और सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और ज़िम्मेदारी की भावना को मज़बूत करते हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
