भारत-पाक तनाव के बीच जोधपुर अलर्ट पर
- बाजार बंद, ब्लैकआउट के निर्देश, नागरिकों से घरों में रहने की अपील
जोधपुर। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच पश्चिमी सीमा के सबसे बड़े शहर जोधपुर में जिला प्रशासन ने अगले आदेशों तक बाजार बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने आमजन से यह अपील की है कि वर्तमान परिपेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आमजन अपने अपने घरों में रहे। बाहर नहीं निकले। कहीं भी समूह में इकट्ठा नहीं हो। सभी प्रकार के समारोह व आयोजनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। समस्त दुकान और प्रतिष्ठान अग्रिम आदेश तक बंद रखेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से किए जा रहे सुरक्षा इंतजामात में सहयोग करें। कलेक्टर के इस आदेश के बाद शहर के मुख्य बाजार बंद होने लगे हैं। पुलिस की गाड़ियां इस आदेश की मुनादी करवा रही हैं। इधर, बाड़मेर कलेक्टर ने भी लोगों से बाड़मेर की यात्रा डालने का संदेश जारी किया है। जिला कलक्टर एवं नियंत्रक (नागरिक सुरक्षा) गौरव अग्रवाल की ओर से जारी एडवाइजरी में नागरिकों से कहा गया है कि वे सतर्क रहें। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ये हैं दिशा निर्देश:
हवाई हमले की स्थिति में रिस्पॉन्स:नागरिकों को दिन और रात, किसी भी समय संभावित एयर रेड/ इनकमिंग प्रोजेक्टाइल परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। प्रशासन की ओर से सायरन बजाने एवं सूचित करने पर पूर्ण सतर्कता के साथ सुरक्षित स्थान पर शरण लें। क्लीयरेंस की सूचना आने तक वहीं रहे।
ब्लैकआउट के नियम:प्रशासन द्वारा सूचित करने पर पूर्ण ब्लैक आउट की पालना सुनिश्चित करें। साथ ही वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए सूर्यास्त के उपरांत कम से कम एवं अतिआवश्यक परिस्थिति में ही घर से बाहर निकले। घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों की सभी रोशनियां बुझा दें। उन्हें ढंक दें ताकि कोई भी प्रकाश बाहर न जाए। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक कदम है। जनसंचार के माध्यम से जागरूकता:आम नागरिकों को व्हाट्सएप संदेशों, सार्वजनिक उद्घोषणों और अन्य संचार माध्यमों के द्वारा समय-समय पर आवश्यक सूचना दी जाएगी। कृपया इन संदेशों को गंभीरता से लें और दूसरों तक भी पहुंचाएं। भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचें:सामान्य परिस्थितियों में भी जहां तक संभव हो, कृपया अपने घरों में रहें। सुरक्षित रहें। अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं। किसी भी प्रकार के सामूहिक आयोजन से बचा जाए।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
