जयपुर के रजत चौहान को ओलंपिक में नई उम्मीद
- ओलंपिक में कंपाउंड आर्चरी शामिल
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)।अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी ने पहली बार कंपाउंड मिक्स्ड टीम तीरंदाजी को शामिल करने की घोषणा की है। इससे पहले ओलंपिक में केवल रिकर्व आर्चरी को ही मान्यता प्राप्त थी, लेकिन कंपाउंड आर्चरी की एंट्री से भारत जैसे देशों की पदक संभावनाएं और भी मजबूत हो गई है। ऐसे में जयपुर के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज और राजस्थान पुलिस में डीएसपी रजत चौहान के लिए ये खबर जैसे एक नया उत्साह लेकर आई है। रजत का कहना है कि हमेशा से ओलंपिक खेल एक सपने जैसा था और अब लग रहा है कि वह सपना भी पूरा हो जाएगा। इतना ही नहीं देश के लिए मेडल जीतना अब मेरी सबसे पहली प्राथमिकता है।
कंपाउंड आर्चरी में रजत ने कई अंतरराष्ट्रीय मेडल जीते जिसमें, एशियन गेम्स, वर्ल्ड कप, वर्ल्ड चैम्पियनशिप, एशियन चैम्पियनशिप, नेशनल गेम्स शामिल हैं। ओलिंपिक मेडल का सपना पूरा करने के लिए रजत ने वर्ष 2016 में कंपाउंड आर्चरी को छोड़ दिया और रिकर्व आर्चरी को चुना। इतने मेडल होने के बाद भी रजत के पास नौकरी नहीं थी। ऐसे में नौकरी के लिए रजत वापस कंपाउंड कैटेगरी में आ गए, जिसके बाद रजत ने एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीत कर इतिहास रच दिया और सरकार की ओर से जारी की गई आउट ऑफ टर्न पॉलिसी में उन्हें राजस्थान पुलिस में DSP का पद दिया गया। रजत का कहना है कि कंपाउंड आर्चरी को ओलिंपिक में शामिल किया गया है और यह एक सपने जैसा है, जो पूरा होने वाला है। कंपाउंड आर्चरी को ओलंपिक में शामिल करने के बाद से ही अब रजत चौहान जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में अभ्यास में जुट गए हैं। रजत का कहना है कि ओलंपिक खेलों का महाकुंभ है और इसमें भाग लेना ही अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूरी कोशिश रहेगी कि देश के लिए मेडल जीतें। उन्होंने यह भी कहा कि देश में अन्य ऐसे तीरंदाज भी हैं, जो कंपाउंड कैटेगरी में काफी मजबूत हैं। ऐसे में ओलंपिक अंक तालिका में भारत जरूर मेडल जीतेगा। इससे पहले भी विश्व चैंपियनशिप में एक रजत और एशियाई खेलों में 3 स्वर्ण पदक और 3 रजत पदक जीत चुके हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
