इस्लामिक दार्शनिक- इब्ने रुश्द
इब्न रुश्द को लैटिन में एवररोज़ भी कहा जाता है, 12वीं सदी के एक इस्लामी दार्शनिक और बहुत विषयों के ज्ञाता थे, जिन्होंने दक्षिणी स्पेन और उत्तरी अफ्रीका में खिलाफत के लिए काम किया । उन्होंने पश्चिमी दर्शन, विशेष रूप से अरस्तू के दर्शन का अध्ययन किया और इसे इस्लामी चिंतन पर लागू किया, यह दावा करते हुए कि दोनों संगत हैं।
इब्ने रुश्द का जन्म एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था, जो इस्लामी कानून और विद्या के लिए जाना जाता था। उनके दादा और पिता दोनों कॉर्डोबा (स्पेन) के प्रमुख क़ाज़ी (न्यायाधीश) रहे थे और दादा क़ाज़ी के साथ-साथ अल्मोराविड्स के तहत कॉर्डोबा की महान मस्जिद के इमाम भी थे। इब्ने रुश्द अंदलुस (स्पेन) के इस्लामी “स्वर्ण युग” के सबसे बड़े इस्लामिक दार्शनिकों में से एक दार्शनिक माने जाते हैं। इब्ने रुश्द ने कॉर्डोबा, सेविल, और मारकेश में शिक्षा प्राप्त की और इस्लामी कानून (फिक्ह), चिकित्सा, गणित, खगोलशास्त्र, और दर्शनशास्त्र में गहरी रुचि दिखाई। इब्ने रुश्द अरस्तू के विचारों के सबसे बड़े व्याख्याकार बने।
इब्ने रुश्द मध्ययुग के सबसे प्रभावशाली विचारकों में से एक थे, जिन्होंने इस्लामी और पश्चिमी दर्शन के बीच एक सेतु का निर्माण किया। उनके कार्यों ने न केवल इस्लामी दुनिया को प्रभावित किया, बल्कि यूरोपीय पुनर्जागरण और आधुनिक दर्शन के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सन् 1270 और 1277 ईस्वी में कैथोलिक चर्च द्वारा उनके कार्यों की निंदा भी की गई थी। उनकी विरासत आज भी दर्शन, विज्ञान, और चिकित्सा के अध्ययन में जीवित है ।
इब्ने रुश्द का पूरा नाम: अबुल वलीद मुहम्मद इब्न अहमद इब्न रुश्द था और उनका जन्म: 1126 ई., कॉर्डोबा (अन्दलुस/स्पेन) में हुआ था। इब्ने रुश्द की मौत 10 ददिसम्बर सन् 1198 ई. मारकेश (मोरक्को) में हुई थी। बाद में उनका जनाज़ा कॉर्डोबा (स्पेन) ले जाया गया।
इब्न रुश्द ने ग्रीक दार्शनिक अरस्तू की लगभग सभी किताबों की शरह (व्याख्या) की।उन्होंने कोशिश की कि इस्लाम और तर्कशास्त्र को एक-दूसरे के करीब लाया जाए।उनका मानना था कि क़ुरआन तर्क के खिलाफ़ नहीं है, बल्कि गहरे स्तर पर दोनों एक ही सच को दर्शाते हैं।
उनकी प्रसिद्ध किताबें:
“तहाफ़ुत-ए-तहाफ़ुत” है। यह किताब इमाम ग़ज़ाली की मशहूर किताब “तहाफ़ुतुल फ़लासिफ़ा” का जवाब थी। इमाम ग़ज़ाली ने दार्शनिकों को गुमराह कहा था, इब्न रुश्द ने उनकी आलोचना का जवाब देते हुए दर्शन की रक्षा की। फिक्ह (क़ानून) के क्षेत्र में उन्होंने अपने सभी पूर्ववर्तियों को पीछे छोड़ दिया, क़ानूनी कार्यप्रणाली, क़ानूनी घोषणाओं, बलिदान और भूमि करों पर लेखन किया। उन्होंने स्वच्छता, विवाह, जिहाद और गैर-मुसलमानों के साथ सरकार की भूमिका जैसे विविध विषयों पर चर्चा भी की।
इब्ने रुश्द मालिकी फ़िक़्ह (मसलक)के विद्वान और बड़े क़ाज़ी रहे। उन्होंने किताब “बिदायतुल मुज्तहिद वा निहायतुल मुक्तसिद” लिखी, जो मुख्यतः फ़िक़्ही मसलों का तुलनात्मक अध्ययन है। इसमें इमाम हनीफा र अ, इमाम मालिक र. अ, इमाम शाफाई र. अ. और इमाम हंबल र. अ. यानि चारों इमामों के मतों की व्याख्या है। उन्होंने क़ानून-फी-तिब्ब , जैसी किताबों पर शरह की और अपनी भी चिकित्सकीय किताबें लिखीं। उनके मेडिकल लेखन यूरोप में लैटिन में अनुवाद हुए और सदियों तक यूनिवर्सिटियों में पढ़ाए जाते रहे। इब्न रुश्द इस्लामी इतिहास में वह शख़्सियत हैं जिन्होंने: अरस्तू और इस्लाम को जोड़ने की कोशिश की, फ़िक़्ह, तिब्ब और दर्शन—तीनों में गहरी छाप छोड़ी और यूरोप में विज्ञान व दर्शन की ज़मीन तैयार की।
-फ़ज़लुर्रहमान
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
