IPL 2025 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच, पहली बार चैंपियन बनने का मौका
-श्रेयस अय्यर की धमाकेदार 87 रन की नाबाद पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को हराकर आईपीएल 2025 के फाइनल में जगह बनाई। अब 3 जून को उनका मुकाबला आरसीबी से होगा। आईपीएल को इस बार एक नया विजेता मिलेगा, क्योंकि दोनों फाइनलिस्ट कभी चैंपियन नहीं बने।
जयपुर,(रॉयल पत्रिका)। आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें पहली बार आईपीएल खिताब जीतने के लिए भिड़ेंगी, जिससे यह मैच उनके लिए बेहद खास है। पिच बल्लेबाजों के अनुकूल होने की संभावना है, लेकिन मैच बढ़ने पर स्पिनरों को भी मदद मिल सकती है।
IPL 2025 Final RCB vs Punjab Kings: श्रेयस अय्यर के 41 गेंद में नाबाद 87 रन की मदद से पंजाब किंग्स ने दूसरे क्वालीफायर में रविवार को मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही यह भी तय हो गया कि इंडियन प्रीमियर लीग को इस सत्र में एक नया चैम्पियन मिलेगा। अब 3 जून को फाइनल में पंजाब का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से होगा और दोनों टीमों ने 18 साल में एक बार भी खिताब नहीं जीता है।
श्रेयस की धमाकेदार पारी
पिछले साल अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाने वाले श्रेयस ने दबाव के क्षणों में परिपक्व पारी खेलते हुए 11 साल में पहली बार पंजाब को फाइनल में पहुंचाया। मुंबई के खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण के सामने जीत के लिये 204 रन का लक्ष्य आसान नहीं था लेकिन श्रेयस ने आक्रामक बल्लेबाजी की नयी परिभाषा गढी।उन्होंने आठ छक्कों और पांच चौकों की मदद से नाबाद 87 रन बनाये जिसकी मदद से पंजाब किंग्स ने पांच विकेट पर 207 रन बनाये। श्रेयस ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर टीम को जीत तक पहुंचाया। इससे पहले बारिश के कारण मैच सवा दो घंटे विलंब से शुरू हुआ।
बुमराह रहे बेअसर, मुंबई की फील्डिंग ने बढ़ाया संकट
मुंबई के लिये मैच में जसप्रीत बुमराह का खराब फॉर्म भारी पड़ा जिन्होंने चार ओवर में 40 रन दे डाले और एक भी विकेट नहीं ले सके। इसके अलावा मुंबई की फील्डिंग भी काफी लचर थी और नेहाल वढेरा (48) को दो जीवनदान देना भारी पड़ गया।
नमन धीर ने मिचेर सेंटनेर का आसान कैच टपकाया जबकि ट्रेंट बोल्ट ने हार्दिक पंड्या के ओवर में वढेरा का कैच फाइन लेग पर उस समय छोड़ा जब वह 13 रन पर खेल रहे थे। वढेरा ने इसका फायदा उठाते हुए 29 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 48 रन बनाये। उन्होंने कप्तान श्रेयस के साथ चौथे विकेट के लिये 84 रन भी जोड़े।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
