अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
नई दिल्ली। प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने आज गुरुवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। यह मुलाकात उनके हाल ही में मिले अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार के उपलक्ष्य में हुई। गौरतलब है कि 5 अप्रैल को सुदर्शन पटनायक को यूनाइटेड किंगडम में “द फ्रेड डैरिंगटन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार इंग्लैंड के वेमाउथ शहर में आयोजित ‘सैंडवर्ल्ड 2025 इंटरनेशनल सैंड आर्ट फेस्टिवल’ में रेत कला (Sand Art) के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए दिया गया। इस मौके पर पटनायक ने शांति का संदेश देते हुए भगवान गणेश की 10 फुट ऊंची रेत की प्रतिमा भी बनाई, जिस पर “World Peace” लिखा गया था। उन्हें यह सम्मान वेमाउथ के मेयर जॉन ओरेल ने प्रदान किया। इस दौरान सैंडवर्ल्ड के डायरेक्टर मार्क एंडरसन, को-फाउंडर डेविड हिक्स और लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग के मंत्री (TNC और संस्कृति) नाओरेम जे सिंह भी मौजूद रहे। सुदर्शन पटनायक अब तक 65 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रेत कला प्रतियोगिताओं और उत्सवों में हिस्सा ले चुके हैं और कई पुरस्कार जीत चुके हैं। उन्हें भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो देश का चौथा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। वह ओडिशा के पुरी बीच पर एक सैंड आर्ट स्कूल भी चलाते हैं और अपनी कला के जरिए समाज में जागरूकता फैलाते हैं। उन्होंने HIV/AIDS, ग्लोबल वॉर्मिंग, आतंकवाद के खिलाफ अभियान, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी, COVID-19 और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर अपनी कला से संदेश दिया है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
