Loading...

महिलाओं से ज्वैलरी लूटने वाली अन्तर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश

Jaipur

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका) विधायकपुरी पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को ऑटो में बैठाकर ज्वैलरी लूटने वाली अन्तर्राज्यीय गुजराती गैंग का पर्दाफाश कर मुख्य सरगना सहित दो शातिर बदमाशों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गैंग का मुख्य सरगना गोविन्द राजकोटिया और उसका साथी अश्विन मीठापुरा शामिल हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए मुख्य सरगना ने वारदात के बाद अपना हुलिया बदलकर सिर मुंडवाया और मूंछें कटवा दी थी, लेकिन पुलिस ने दिल्ली के रघुवीर नगर कच्ची बस्ती में दबिश देकर इन्हें दबोच लिया। गैंग द्वारा वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी रेलवे स्टेशन की पार्किंग से बरामद कर लिया गया है। 1 जुलाई को वरिष्ठ नागरिक संगीता नंदवानी (66) निवासी शिप्रापथ और हेमलता वासवानी (56) ने विधायकपुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जून को अमरापुर मंदिर दर्शन के बाद घर लौटते समय ऑटो में सवार होकर कुछ दूरी पर पहुंचने पर तीन अज्ञात व्यक्तियों ने हाथ मारकर उनके हाथ से सोने के कंगन छीन लिए और फरार हो गए। इन घटनाओं पर विभिन्न धाराओ मे मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि घटना की कड़ी दिल्ली तक जुड़ रही है। अपराध के खुलासे के लिए थानाधिकारी विधायकपुरी बनवारीलाल, उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक हरी सिंह, हैड कांस्टेबल झाबरमल, कांस्टेबल राजकुमार और अनुज कुमार की टीम गठित की गई। टीम ने दिल्ली के रघुवीर नगर कच्ची बस्ती में दबिश देकर मुख्य सरगना गोविन्द राजकोटिया और उसके साथी अश्विन मीठापुरा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। मुख्य सरगना गोविन्द 2014 से जयपुर में रहकर वारदातों को अंजाम देता आ रहा था। गिरोह बुजुर्ग महिलाओं को ऑटो में बैठाकर पहले से बैठे साथियों के साथ कुछ दूरी पर ले जाकर हवा कम होने का बहाना बनाता और अपने साथी को पीछे भेजकर महिलाओं को घेरकर उनके आभूषण लूटता। वारदात के बाद कुछ दूरी पर उतार कर फरार हो जाता। ऑटो को पार्किंग में छोड़कर बस या ट्रेन से दिल्ली भाग जाते और कुछ दिनों बाद वापस लौटकर वारदात को दोहराते। इस पूरी कार्यवाही में हैड कांस्टेबल झाबरमल और कांस्टेबल अनुज कुमार की विशेष भूमिका रही।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।