मेवात की इंशा खान ने यूपीएससी में हासिल की 678 वीं रैंक
अक्सर अपराध और साइबर क्राइम के कारण सुर्खियों में रहने वाले मेवात क्षेत्र से इस बार एक सकारात्मक खबर सामने आई है। डीग जिले के मेवात इलाके की रहने वाली इंशा खान ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 678वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 30 वर्षीय इंशा खान कामां तहसील के उतावड़ा गांव की निवासी हैं। उन्होंने लंबे समय तक सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और छठे प्रयास में सफलता हासिल की। उनकी यह उपलब्धि मेवात क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। इंशा ने वर्ष 2012 में झिरका के अरावली पब्लिक स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने 2017 में कुरुक्षेत्र के एनआईटी कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। इंशा खान के भाई मुख्तियार अहमद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कामां सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे, लेकिन उन्हें भाजपा प्रत्याशी नौक्षम चौधरी से हार का सामना करना पड़ा था। इंशा खान का कहना है कि मेवात क्षेत्र को अक्सर साइबर अपराध के लिए बदनाम किया जाता है, लेकिन यहां के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सही दिशा और प्रेरणा मिले तो वे शिक्षा के माध्यम से अपने और क्षेत्र के भविष्य को बदल सकते हैं। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा परीक्षा में उन्हें पहले पांच प्रयासों में असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी। आखिरकार छठे प्रयास में उन्हें सफलता मिल गई। इंशा खान के पिता उस्मान खान किसान हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे मेवात के युवाओं के लिए नई उम्मीद के रूप में देख रहे हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
