हज़रत ख़्वाजा शेख सैय्यद शाह अहमद चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह का सालाना उर्स मुबारक 24 मई से
जयपुर/शाहपुरा, (रॉयल पत्रिका)। शाहपुरा तहसील के अमरसर गाँव स्थित सूफी संत हज़रत ख़्वाजा शेख सैय्यद शाह अहमद चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह, जो कि शेख बुरहानुद्दीन चिश्ती ताले वालो के पीर-ओ-मुर्शिद थे, का सालाना उर्स मुबारक अकीदत व मोहब्बत के साथ 24 मई से उनके मजार शरीफ पर मनाया जाएगा। यह तीन रोज़ा उर्स का आयोजन 24 मई से 26 मई 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जो कि हिजरी कैलेंडर के मुताबिक 25 जिकादा से 27 जिकादा 1446 हिजरी तक चलेगा। उर्स का आगाज़ शनिवार 24 मई को इशा की नमाज के बाद मीलाद शरीफ से होगा। दूसरे दिन 25 मई को जौहर की नमाज के बाद आस्ताने पर चादर शरीफ पेश की जाएगी और रात 9 बजे महफिल-ए-समा का रुहानी आयोजन होगा। उर्स का समापन 26 मई को सुबह 10 बजे महफिल रंग, कुल फातिहा और लंगर के साथ किया जाएगा। इस सालाना उर्स मुबारक की सरपरस्ती सूफी खानकाह एसोसिएशन राजस्थान इकाई के प्रदेश अध्यक्ष व सज्जादा नशीन सूफी सैय्यद आबिद अली चिश्ती फरीदी फखरी कर रहे हैं, जबकि साहिब-ए-इजाज़त व खिलाफत, पीर-ए-तरीकत हज़रत ख़्वाजा मोहम्मद उमर फरीदी चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह की तालीमात के मुताबिक़ उर्स के सारे कार्यक्रम तय किए गए हैं। आयोजन के मुतवल्ली सैय्यद साबिर अली चिश्ती फरीदी ने बताया कि उर्स के मौके पर मुल्क भर से सज्जादगान, सुफियाए किराम और अकीदतमंद बड़ी तादाद में शिरकत करेंगे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
