हज 2026 की तैयारियों की खुली पोल, कर्बला हज हाउस में अव्यवस्थाओं का अंबार
सफाई नदारद, सुरक्षा कमजोर, एंबुलेंस तक नहीं—अतिरिक्त जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारी पर उठे सवाल
जयपुर। हज 2026 का मुकद्दस सफर शुरू होने के साथ ही तैयारियों की जमीनी हकीकत सवालों के घेरे में आ गई है। रामगढ़ मोड़ स्थित कर्बला हज हाउस में अव्यवस्थाओं का ऐसा नजारा सामने आया है, जिसने प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है। रॉयल पत्रिका टीम के मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि हज हाउस परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी। जगह-जगह गंदगी फैली हुई थी, जबकि नगर निगम के कर्मचारी भी मौके से नदारद नजर आए। इस लापरवाही के चलते हाजियों के परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति तब और गंभीर दिखी जब हज हाउस के आसपास के मैदान में आवारा कुत्ते और पशु घूमते नजर आए। यह न केवल सुरक्षा बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी बड़ा खतरा साबित हो सकता है। आपातकालीन व्यवस्थाओं की बात करें तो मौके पर एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं थी। वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी बेहद कमजोर दिखाई दी—इतने बड़े और संवेदनशील आयोजन के बावजूद पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं किया गया।
अधिकारी पर उठे सवाल
इस पूरे मामले में प्रशासनिक जिम्मेदारी भी सवालों के घेरे में है। वर्तमान में राजस्थान हज कमेटी का अतिरिक्त कार्यभार RAS अधिकारी अबू सूफियान के पास है, जिनके पास राज वक्फ बोर्ड स
हित कई विभागों की जिम्मेदारी भी है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या एक ही अधिकारी पर अत्यधिक भार होने के कारण व्यवस्थाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा पा रहा है? औपचारिक रूप से हज हाउस की व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण करना अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी होती है, लेकिन मौजूदा हालात इस जिम्मेदारी के निर्वहन पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
समाज की प्रतिक्रिया
राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव हाजी निजामुद्दीन ने भी व्यवस्थाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सामने आई कमियों को तुरंत दुरुस्त किया जाना चाहिए ताकि हाजियों और उनके परिजनों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
बड़ा सवाल
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हज जैसे बड़े और संवेदनशील आयोजन के लिए ऐसी तैयारियां पर्याप्त हैं? और प्रशासन इन खामियों को कितनी जल्दी दूर कर पाता है—इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।

