Loading...

हवा में अटकी 300 पर्यटकों की जान ! केबल कार खराब होने से मची चीख-पुकार

Follow us

Share

Gulmarg Gondola Cable Car Accident : श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक तकनीकी खराबी के कारण रोपवे की सभी केबिन बीच हवा में रुक गईं। इस दौरान करीब 300 पर्यटक केबिनों में फंस गए। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। कई पर्यटक मदद के लिए चिल्लाने लगे, जबकि कुछ लोग रोते हुए दिखाई दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय कई परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ रोपवे का आनंद लेने पहुंचे थे। अचानक केबिन रुकते ही लोगों में दहशत फैल गई। खासकर छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा घबराए हुए नजर आए। कई पर्यटकों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जिनमें लोग मदद की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही श्रीनगर से स्पेशल रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गई हैं। भारतीय सेना भी मौजूद है। सेना, पुलिस और प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है।

सीएम उमर बोले- सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए

घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा- सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी केबिन और उसमें फंसे पर्यटक सुरक्षित हैं। लोगों को बाहर निकालने के लिए प्रशिक्षित टीमें ऑपरेशन चला रही हैं। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा- केबल कार के केबिनों में फंसे पर्यटकों के रेस्क्यू ऑपरेशन पर मैं नजर रख रहा हूं। मैंने DGP को घटनास्थल पर जाने का निर्देश दिया है। पुलिस, सेना, SDRF, डीसी और SSP की जॉइंट टीम मौके पर मौजूद है।

Advertisement

गुलमर्ग रोपवे दुनिया का सबसे ऊंचा केबल कार सिस्टम

गुलमर्ग गोंडोला देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे प्रसिद्ध रोपवे सिस्टम में गिना जाता है। यह एशिया का सबसे ऊंचा और लंबा केबल कार प्रोजेक्ट माना जाता है। दुनिया के सबसे ऊंचे केबल कार सिस्टमों में इसकी विशेष पहचान है। यह रोपवे दो चरणों में संचालित होता है। पहला चरण गुलमर्ग से कोंगदोरी तक और दूसरा चरण कोंगदोरी से अफरवत चोटी तक जाता है।

हर साल लाखों पर्यटक यहां बर्फीली पहाड़ियों और खूबसूरत वादियों का आनंद लेने पहुंचते हैं। गर्मियों और सर्दियों दोनों मौसम में यह जगह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहती है। रोपवे से दिखाई देने वाले पहाड़ और प्राकृतिक दृश्य दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं। हालांकि, घटना के बाद सुरक्षा मानकों और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।