गुजराती गैंग का सरगना गिरफ्तार
जयपुर। जयपुर पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन और ज्वैलरी चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गैंग के सरगना अर्जुन विनोद भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपने ही परिवार की महिलाओं से बसों, ऑटो व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ज्वैलरी चोरी की वारदातें करवाता था। करीब एक माह की लगातार दबिश के बाद विधायकपुरी थाना पुलिस ने मुख्य सरगना अर्जुन विनोद भाई को खो-नागोरियान इलाके से गिरफ्तार किया है। विधायकपुरी थाना क्षेत्र में दिनांक 5 मई 2025 को अजमेरी गेट के पास एक महिला संगीता पुरोहित से ऑटो में यात्रा के दौरान सोने की चैन, कान के टॉप्स व 5,000 रुपये की नकदी चोरी हो गई थी। इस पर मुकदमा संख्या 104/2025 धारा 303(2) BNS में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस ने दिनांक 16 मई 2025 को वारदात में शामिल चार महिलाओं अंजनी उर्फ पंखुड़ी, सुशीला, पिंकी एवं वसन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि यह सभी वारदातें गैंग का सरगना अर्जुन करवाता है। थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने करीब एक माह तक विधाधर नगर, मुरलीपुरा, बेनाड रोड, रेलवे स्टेशन, खो-नागोरियान व आगरा रोड क्षेत्र में लगातार दबिश दी। अंततः खो-नागोरियान इलाके से गैंग के सरगना अर्जुन को गिरफ्तार किया गया। साथ ही चोरी की ज्वैलरी खरीदने वाले ज्वैलर महावीर प्रसाद सोनी को भी गिरफ्तार किया गया। अर्जुन अपने परिवार की महिलाओं – पत्नी, बहन, भाभी और दादी को ट्रेनिंग देकर बस, ई-रिक्शा, ऑटो और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अकेली महिलाओं व बुजुर्गों से ज्वैलरी व कीमती सामान चुराने के लिए भेजता था। चोरी की गई ज्वैलरी अर्जुन स्वयं ले जाता और नियोजित ठिकानों पर बेच देता। आरोपी अर्जुन पिछले तीन वर्षों में 50–60 चोरी की वारदातों को अंजाम दिलवा चुका है। गिरोह की गिरफ्तारी में कॉन्स्टेबल राजेश कुमार (कानि. 9859) व अनुज कुमार (कानि. 12831) की भूमिका सराहनीय रही।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
