गोविन्द गुप्ता बने राजस्थान ACB के नए महानिदेशक
-पदभार संभालते ही कहा- ‘भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, निर्दोष पर आंच नहीं, दोषी बख्शा नहीं जाएगा’
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। गोविन्द गुप्ता ने सोमवार 27 अक्टूबर को झालाना डूंगरी स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय में महानिदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया है। मुख्यालय पहुँचने पर अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। पदभार संभालने के बाद गुप्ता ने ब्यूरो की टीम को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की मंशा स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम किया जाएगा और आमजन के विश्वास को मज़बूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने “पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और टीम भावना” को ब्यूरो की सबसे बड़ी शक्ति बताया। महानिदेशक ने सूचना तंत्र को प्रभावी बनाने और जन-जागरूकता बढ़ाने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्यूरो की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 का व्यापक प्रचार किया जाएगा, ताकि लोग आसानी से शिकायतें दर्ज करा सकें। गुप्ता ने स्पष्ट किया, “हम सुनिश्चित करेंगे कि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो, साथ ही भ्रष्टाचार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ इस जनआंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
