Loading...

साइबर ठगी करने वाली गैंग के चार ठग गिरफ्तार

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। जयपुर साइबर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साइबर ठगी करने वाली एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नेपाल से संचालित इस गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें गैंग का सरगना लाल दोर्जे तामांग, उसका साथी सुजल तामांग, दिल्ली निवासी पवन जैन और अब्बु शहमा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और तीन बैंक चेकबुक बरामद की हैं। यह गिरोह ऑनलाइन ट्रेडिंग और गेमिंग ऐप्स के माध्यम से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम देता था। गैंग के खिलाफ आंध्रप्रदेश, उत्तरप्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में कुल 24.3 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं। साइबर थाना जयपुर की इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त (अपराध) कुंदन कंवरिया के मार्गदर्शन में थानाधिकारी सोनचन्द वर्मा और उप निरीक्षक श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि पोलोविक्ट्री सिनेमा के सामने स्थित होटल संजय पैलेस में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं जो बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी में लिप्त हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी लाल दोर्जे ने कबूला कि वह टेलीग्राम के जरिए चाइनीज नागरिकों के संपर्क में रहता है और उनसे 5 लाख रुपये तक की राशि जमा करवाकर 2.5 से 5 प्रतिशत कमीशन पर बैंक खाते बेचता है। खाताधारकों से 2 से 2.5 प्रतिशत में खाते खरीदकर उन्हें चाइनीज गैंग को मुहैया कराता है। खाताधारकों के मोबाइल में APK ऐप इंस्टॉल करवा कर उनका एक्सेस दूर बैठे चाइनीज ठगों तक पहुंचाया जाता है। कमीशन का भुगतान USDT के माध्यम से अपने वॉलेट में लेता है।गिरफ्तार सुजल तामांग का काम खाताधारकों को होटल में रोककर रखना, उनकी निगरानी करना और उनके मोबाइल में APK ऐप इंस्टॉल करना था। दिल्ली निवासी पवन जैन गैंग सरगना सुषमा जो दुबई में रह रही है, के संपर्क में रहते हुए खाताधारकों को तैयार करता और उनकी बैंक संबंधी जानकारी लाल दोर्जे को उपलब्ध करवाता। अब्बु शहमा, पवन के कहने पर अपना इंडियन ओवरसीज बैंक का खाता लाल दोर्जे को देने के लिए दिल्ली से जयपुर आया था। इस मामले में साइबर थाना जयपुर में प्रकरण संख्या 103/2025 धारा 319(2), 318(4), 316(2), 111(2)(b), 61(2) बीएनएस व 66सी, 66डी आईटी एक्ट 2008 में मामला दर्ज किया गया है। साइबर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर या www.cybercrime.gov.in पर दर्ज करवाई जा सकती है।

 

 

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।