सवाई माधोपुर के शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और सेवाओं का विस्तार केन्द्र की स्मार्ट सिटी योजना की तर्ज पर- कलक्टर
सवाई माधोपुर (रॉयल पत्रिका)। मुख्यमंत्री बजट घोषणा, सम्पर्क पोर्टल, जिला स्तरीय जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण सहित आवश्यक सेवाओं, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
जिला कलक्टर ने बैठक में बजट घोषणा-2025-26 की विभागवार प्रगति समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग, वन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने खाद्य पदार्थो में मिलावट की रोकथाम हेतु अभियान चलाकर कड़ी निगरानी रखने और मिलावट खोरों के फूड लाईसेंस निरस्त कर उचित कार्रवाही सुनिश्चित करने के निर्देश सीएमएचओं डॉ. अनिल कुमार जैमिनी को दिए। इसके साथ ही उन्होंने बजट घोषणा के अन्तर्गत चकचैनपुरा हवाई पट्टी का विस्तारीकरण कार्य हेतु अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर दिशा निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए केन्द्र की स्मार्ट सिटी योजना की तर्ज पर सवाई माधोपुर के शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और सेवाओं का विस्तार कर नागरिकों के जीवन को बेहतर और खुशहाल बनाने के निर्देश प्रदान किए। उन्होंने उप निदेशक पर्यटन मधुसूदन सिंह से कुशाल झील गंगापुर सिटी, गंगापुर सिटी में खेल स्टेडियम निर्माण, शिवाड़ मंदिर, रामेश्वरम, त्रिनेत्र गणेश मंदिर आदि को पर्यटन की दृष्टि से बेहतर बनाने हेतु किए गए कार्यो की जानकारी लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियिम के तहत लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण कर पेडेन्सी शून्य करने, मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों की कड़ाई से पालना करने, जिला स्तरीय जनसुनवाई के सहित अन्य जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले प्रकरणों को गम्भीरता से लेकर यथा संभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर 60 दिन से अधिक के लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने राज्य स्तर पर अन्तर विभागीय लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों से विभागवार चर्चा कर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस विभाग के अधिकारियों को आगामी डीएमएफटी मीटिंग के संबंध में प्रपोजल तैयार कर 28 अक्टूबर तक मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया को भिजवाने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने माय भारत केंद्र के जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल से सरदार पटेल की 150 जयंती के अवसर पर जिले में होने वाली दो पदयात्राओं के बारे में जानकारी लेकर पद यात्रा में स्थानीय युवाओं, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट गाइड के स्वयं सेवक, सामाजिक कार्यकर्ता आदि की सहभागिता सुनिश्चित करने, सहभागियों हेतु विभिन्न विभागो जैसे कि पुलिस, मेडिकल, पीडब्ल्यूडी, नगरपरिषद, महिला बाल विकास, शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क आदि को पदयात्राओं के सफल आयोजन हेतु अपनी तैयारी दुरुस्त रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रतिभागी युवाओं के माय भारत पोर्टल पर पदयात्रा इवेंट में रजिस्ट्रेशन हेतु भी आदेशित किया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, सहायक निदेशक लोक सेवाएं डॉ. डिम्पल गुर्जर, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग बीएल मीना, संयुक्त निदेशक डीओआईटी पंकज मीना, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार राकेश कुमार अटल, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
