Loading...

एलन मस्क का डोनाल्ड ट्रंप से मोहभंग

अमेरिका

Follow us

Share

-अमेरिकी राष्ट्रपति के ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ की खुलकर की आलोचना
अमेरिकी अरबपति एलन मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अब रिश्ते पहले जैसे नहीं रह गए हैं। एक वक्त ट्रंप की तारीफ में कसीदे पढ़ने वाले मस्क अब उन्हीं के बिल की खुलकर आलोचना कर रहे हैं। टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सबसे अहम कानून ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ की खुलकर आलोचना उस रिश्ते में बड़ी दरार मानी जा रही है, जो पिछले साल चुनाव के दौरान दोनों नेताओं के बीच बना था और जिसने अमेरिकी राजनीति और सरकार में बड़ा बदलाव लाने का वादा किया था। एलन मस्क, जिन्होंने ट्रंप के चुनाव अभियान को कम से कम 250 मिलियन डॉलर (लगभग 2,000 करोड़ रुपये) का समर्थन दिया था और उनके प्रशासन में सलाहकार की भूमिका भी निभाई थी, अब इस बिल से काफी निराश हैं। उन्होंने कहा कि यह कानून न केवल भारी खर्च वाला है, बल्कि यह उनके विभाग सरकारी दक्षता विभाग की कोशिशों को कमजोर करता है।
क्या है ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’?
यह बिल टैक्स में कटौती और कड़ी इमिग्रेशन (प्रवासन) नीति को बढ़ावा देने की बात करता है। साथ ही इसमें सरकारी खर्च को बढ़ाने वाली कई योजनाएं शामिल हैं।
एलन मस्क क्यों हुए नाराज?
सोशल मीडिया एक्स के मालिक एलन मस्क ने कहा कि इस बिल से सरकारी खर्च और घाटा दोनों बढ़ रहे हैं। यह उनके उस उद्देश्य के खिलाफ है जिसके तहत उन्होंने डीओजीई विभाग बनाया था — यानी सरकारी खर्च में 1 ट्रिलियन डॉलर की कटौती करना। लेकिन अब वह मानते हैं कि वाशिंगटन डीसी की सरकारी व्यवस्था उम्मीद से कहीं ज्यादा खराब है।
एलन मस्क ने चुनाव के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की जमकर तारीफ की थी। उन्होंने व्हाइट हाउस में ट्रंप की प्रचार टोपी पहनी, अपनी खुद की चुनावी रैलियां कीं और सरकारी खर्च को अमेरिका के लिए ‘अस्तित्व का संकट’ बताया। एक समय उन्होंने कहा था, ‘जितना मैं राष्ट्रपति ट्रंप को जानता गया, उतना ही उन्हें पसंद करने लगा। सच कहूं तो, मैं उनसे प्यार करता हूं।’ इसके बदले ट्रंप ने भी मस्क की जमकर तारीफ की थी। जब टेस्ला की बिक्री में गिरावट आई थी, तब ट्रंप ने व्हाइट हाउस के बाहर टेस्ला की कारें लगवा कर मस्क का समर्थन दिखाया था।

अब मस्क ने सरकार में काम से दूरी बनानी शुरू कर दी है और फिर से टेस्ला, स्पेसएक्स जैसी अपनी कंपनियों पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वह राजनीति में पैसा लगाना भी कम कर देंगे क्योंकि ‘मुझे लगता है कि मैंने काफी कुछ कर लिया है।’ फिलहाल यह साफ नहीं है कि मस्क की इस आलोचना का कानून पर क्या असर पड़ेगा। लेकिन यह जरूर तय है कि ट्रंप अभी भी रिपब्लिकन पार्टी में सबसे मजबूत नेता हैं और ज्यादातर सांसद उनके खिलाफ जाने से हिचकते हैं।
दुनिया के सबसे अमीर शख्स और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने ट्रंप प्रशासन को छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी। मस्क ने अपनी पोस्ट में कहा, चूंकि स्पेशल गवर्नमेंट एम्पलाई के रूप में मेरा निर्धारित समय खत्म हो रहा है, इसलिए मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को बेफिजूल खर्चों को कम करने के मौके देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। DOGE मिशन समय के साथ और भी मजबूत होगा।
दरअसल, कुछ समय पहले खबरें आईं थी कि डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) का काम देखने की वजह से मस्क का कारोबार प्रभावित हो रहा है। एलन मस्क ने यह फैसला राष्ट्रपति के हस्ताक्षर वाले ‘वन बिग, ब्यूटीफुल बिल एक्ट’की सर्वाजनिक रूप से आलोचना करने के बाद लिया है।
टेस्ला के सीईओ मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद इसी साल जनवरी में DOGE का पद संभाला था। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘वह बड़े स्तर पर खर्च बिल को देखकर निराश हैं, साफ तौर पर जो बजट घाटे को बढ़ाता है। यह DOGE टीम की ओर से किए जा रहे काम को प्रभावित करता है।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे लगता है कि एक बिल बड़ा हो सकता है या सुंदर हो सकता है।’ ‘लेकिन मुझे नहीं पता कि यह दोनों हो सकता है या नहीं।’
क्या अब बंद हो जाएगा DOGE?
बता दें कि ट्रंप के दूसरी बार सत्ता में लौटने के बाद DOGE विभाग को शुरू किया गया। ऐसा अमेरिका में पहली बार हुआ था, जिसकी वजह से यह खूब सुर्खियों में रहा। इस विभाग की कमान एलन मस्क को दी गई। लेकिन मस्क के पद छोड़ने की घोषणा के बाद से अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि इस विभाग का नेतृत्व कौन करेगा, क्या यह अब बंद हो जाएगा? हालांकि, ट्रंप ने पहले ऐलान किया था कि DOGE 4 जुलाई 2026 तक काम करेगा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।