जिला स्तरीय पर्यटन विकास समिति की बैठक सम्पन्न
शब्बीर हुसैन
बांरा, (रॉयल पत्रिका)। जिला स्तरीय पर्यटन विकास समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर कार्यालय में आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने पर्यटन से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जिले के पर्यटक स्थलों में शाहाबाद किला, शेरगढ़ किला एवं अभयारण्य, सोरसन, बिलासगढ़ एवं रामगढ़ क्रेटर समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। पर्यटन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई और उनकी गुणवत्ता एवं समयसीमा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने इको टूरिज्म की शुरुआत को लेकर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और इको टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके तहत जिले के प्राकृतिक स्थलों को पर्यावरण के अनुकूल विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण में पर्यटन का अनुभव मिल सके। उन्होंने कहा पर्यटन स्थलों पर वॉच टावर (निगरानी टावर) एवं वन क्षेत्र में पुलिया की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से किया जाए, जिससे पर्यटकों को आवाजाही में सुविधा होगी और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण किया जा सकेगा। जिला कलक्टर ने कहा पर्यटन स्थलों पर उचित मार्गदर्शन के लिए साइन बोर्ड लगाए जाए। जिससे आगंतुकों को जानकारी मिल सके। इसके अलावा, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जहां डस्टबिन नहीं है वहां लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिलासागढ़ में प्राचीन मूर्तियों और धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए एक म्यूजियम बनाया जाए। शेरगढ़ किला और अभयारण्य में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए विशेष कार्य करने एवं इसमें वन विभाग की ओर से सुरक्षा उपाय बढ़ाने, वन क्षेत्र में सुधार, अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की रणनीति पर विचार किया गया।
बैठक में जिला कलक्टर ने बजट घोषणा 2025-26 के संबंध में प्रस्तावों एवं आगामी वित्तीय वर्ष में जिले को पर्यटन के लिए मिलने वाले बजट पर चर्चा की गई और नए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। जिले में पर्यटन विकास के लिए नए प्रस्ताव, पर्यटन को और अधिक विकसित करने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार, प्रचार-प्रसार और निजी निवेश को लेकर चर्चा की गई। वहीं खाद्य कला संस्थान, बारां के आवश्यक प्रगतिरत कार्यो को लेकर कमेटी गठन करने एवं संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में शाहाबाद एडीएम जबर सिंह, सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, जिला पर्यटन अधिकारी सिराज कुरैशी, डीएफओ अनिल यादव, डीएफओ अनिल चौधरी, खाद्य कला संस्थान ओएसडी रजनी कुमारी, एसीएफ नवनीत शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
