Loading...

दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के 9 एजेंट गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में हथियार बरामद

Follow us

Share

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि ये लोग बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। इनके निशाने पर दिल्ली, मुंबई के प्रमुख धार्मिक स्थल, सरकारी इमारतें, मंत्रालय और सुरक्षाबल थे। जांच के मुताबिक यह आतंकी मॉड्यूल लंबे समय से तैयार किया जा रहा था।

पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से भी संपर्क में थे आरोपी

आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से भी संपर्क में थे। पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि आरोपी दिल्ली, मुंबई और पंजाब के हैं। इनमें कुछ नेपाली नागरिक भी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब मास्टरमाइंड और स्थानीय मददगारों की तलाश कर रही हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों की पहचान और बरामद हथियारों व विस्फोटकों के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। दिल्ली पुलिस इस मामले में सीमा पार संबंधों, फंडिंग नेटवर्क और विदेश में बैठे संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

इन जगहों पर हमले की रची थी साजिश

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि संदिग्ध आरोपी पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट, रेलेव स्टेशनों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। पाकिस्तान से भेजा गया विस्फोटक भी बरामद कर लिया गया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी अंडरवर्ल्ड की मदद से देश को दहलाने की खतरनाक साजिश रच रही थी।

Advertisement

दिल्ली में हाई अलर्ट

आतंकी हमले की साजिश का भंडाफोड़ होने के बाद दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खासकर भीड़भाड़ वाली जगहों पर निगरानी और सुरक्षा मजबूत कर दी गई है। दिल्ली के सभी थानों और जिलों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है और उन्हें केंद्रीय बलों के साथ समन्वय में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।