ब्यावर में जेसीबी से युवक को उल्टा लटकाकर पीटने का मामला
- आरोपी तेजपाल सिंह गिरफ्तार, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
ब्यावर, (रॉयल पत्रिका)। ब्यावर जिले के रायपुर कस्बे से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने ही ड्राइवर को जेसीबी मशीन से उल्टा लटकाकर घंटों तक बेरहमी से पीटा। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी तेजपाल सिंह उदावत समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित युवक मोहम्मद याकूब, जो पिछले आठ सालों से तेजपाल सिंह का ड्राइवर है, 7 अप्रैल को जयपुर से ब्यावर लौट रहा था। रास्ते में तेजपाल अपने साथी साबूराम और देवाराम गुर्जर के साथ याकूब को जबरन फॉर्च्यूनर में डालकर गुड़िया स्थित अपनी निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री पर ले गया। वहां रस्सियों से बांधकर उसे जेसीबी से उल्टा लटकाया गया और करीब तीन घंटे तक बेल्ट व डंडों से बुरी तरह पीटा गया। जख्मों पर नमक डालकर याकूब को तड़पाया गया। याकूब ने बताया कि तेजपाल ने उस पर डीजल चोरी का झूठा आरोप लगाया था और इसी शक में इतनी बर्बरता की गई। घटना के बाद उसे रात चार बजे हाईवे पर पटककर छोड़ दिया गया। डर के मारे याकूब ने किसी को कुछ नहीं बताया, न पुलिस को और न डॉक्टरों को।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
करीब डेढ़ महीने तक चुप रहने के बाद जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। रायपुर पुलिस ने तुरंत तेजपाल सिंह और उसके साथी को अरेस्ट किया और फिर कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए रविवार को दोनों की परेड भी कराई।
अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया। जांच में सामने आया कि तेजपाल सिंह की गुड़िया गांव में निर्माणाधीन सीमेंट फैक्ट्री के पास पहाड़ी पर एक बीघा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। आरोपी ने वहां पक्के कमरे, ऑफिस, आरसीसी पानी की टंकी और ट्यूबवेल बना रखे थे। सोमवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर इन अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। सीओ सत्येंद्र नेगी ने बताया कि अब तक इस मामले में तेजपाल सिंह सहित कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
