Loading...

बून्दी को मिला नया नगर परिषद भवन, बिरला बोले यह भवन जनविश्वास और विकास की नई इमारत बनेगा

bundi, jaipur

Follow us

Share

जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। ऐतिहासिक नगर बून्दी में मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नगर परिषद के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक प्रशासनिक ढांचा नहीं, बल्कि जनभावनाओं, उम्मीदों और स्थानीय विकास के संकल्पों का प्रतीक है। यह भवन इस बात का संदेश है कि बून्दी अब अपने गौरवशाली अतीत के साथ-साथ आधुनिक भविष्य की ओर अग्रसर है।

जनभावनाओं का केंद्र बने नवीन भवन—

बिरला ने कहा कि नगर परिषद का यह नया भवन बून्दी के नागरिकों की आकांक्षाओं और विश्वास का प्रतीक बनें। उन्होंने कहा कि इस भवन में बैठने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की यह ज़िम्मेदारी है कि वे यहां आने वाले प्रत्येक नागरिक की बात को संवेदनशीलता के साथ सुनें और समाधान के लिए तत्पर रहें।

बून्दी का विकास हो सांस्कृतिक विरासत और आधुनिकता के संतुलन के साथ—

बिरला ने कहा कि बून्दी की ऐतिहासिक विरासत, किले, बावड़ियां, मंदिर, पत्थर की कलाकारी और हाड़ी रानी की शौर्यगाथाएं इस शहर की पहचान हैं। उन्होंने बताया कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक बून्दी की इसी विरासत को देखने आते हैं। ऐसे में हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम बून्दी को भविष्य के लिए विकसित करते समय इसकी सांस्कृतिक आत्मा को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व को भी एक प्रमुख इको-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

नगर विकास के लिए तैयार हो रहा मास्टर प्लान, 280 करोड़ की परियोजनाएं प्रगति पर—

बिरला ने जानकारी दी कि बून्दी के समग्र विकास के लिए नगर का विस्तृत मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसमें आमजन, विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों के सुझाव शामिल किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 280 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है, जिसमें सड़कें, स्ट्रीट लाइट्स, अंडरग्राउंड पार्किंग, हेरिटेज संरक्षण, आजाद पार्क का पुनर्विकास, स्मार्ट इनफ्रास्ट्रक्चर, रैन बसेरे और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स आदि शामिल हैं।

फ्लाईओवर, सड़कें और रेलवे कनेक्टिविटी से मिलेगी रफ्तार—

बिरला ने बताया कि बून्दी में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए स्टेट हाईवे-29 पर बत्ती सर्किल से नैनवां रोड तक ₹55.30 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण स्वीकृत हो चुका है। साथ ही, 48.78 करोड़ रुपये की लागत से गेण्डोली-काली तलई-कापरेन मार्ग के चौड़ीकरण की परियोजना को भी मंजूरी मिली है। रेलवे कनेक्टिविटी को बेहतर बनाते हुए स्टेशन पर डबल लाइन और ठहराव की योजना पर भी कार्य हो रहा है।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।