अंता विधानसभा उपचुनाव-2025 पर्यवेक्षक सुभाश्री नंदा ने मांगरोल में किया सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ
-मतदाताओं को दिया जागरूकता का संदेश
शब्बीर हुसैन
बारां (रॉयल पत्रिका)। अंता विधानसभा उपचुनाव 2025 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत सामान्य पर्यवेक्षक सुभाश्री नंदा ने शनिवार 25 अक्टूबर को मांगरोल स्थित मतदान बूथ परिसर में सेल्फी प्वाइंट का शुभारंभ किया। उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर स्वयं फोटो लेकर आगामी उपचुनाव में शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया। इस अवसर पर सुभाश्री नंदा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना अत्यंत आवश्यक है। बारां जिले के मतदाता सदैव चुनावों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते आए हैं, अतः इस उपचुनाव में भी सभी मतदाता उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग करें और सर्वाधिक मतदान का नया रिकार्ड बनाएं। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशन में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में अंता विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं मतदान केंद्रों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, जिन पर प्रेरणादायक स्लोगन एवं शुभंकर ‘मतू’ के कटआउट लगाए गए हैं ताकि मतदाता मतदान के प्रति प्रेरित हों। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान उपखण्ड अधिकारी सौरभ भाम्बू, लाइजनिंग ऑफिसर एवं सहायक निदेशक जूही अग्रवाल, ईओ नगर पालिका भावेश रजक, तहसीलदार बृजेश कुमार शिहरा, एईएन अक्षय गालव, स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव सहित अन्य अधिकारी, स्वीप दल सदस्य एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर मतदान जागरूकता का संदेश प्रसारित किया।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
