पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इन्दिरा गाँधी के बलिदान दिवस तथा सरदार पटेल की जयंती पर सर्व धर्म सभा का आयोजन
देश में अघोषित आपातकाल लगा हुआ है – डोटासरा
जयपुर (रॉयल पत्रिका)। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इन्दिरा गाँधी के बलिदान दिवस तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इन्दिरा गाँधी भवन, स्टेशन रोड, जयपुर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विधायक, विधायक प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. श्रीमती इन्दिरा गॉंधी तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
डोटासरा का संबोधन: नेताओं को श्रद्धांजलि और बीजेपी पर निशाना
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने उपस्थित मीडिया को सम्बोधित करते हुये कहा कि:
- पूर्व प्रधानमंत्री आयरन लेडी स्व. श्रीमती इन्दिरा गॉंधी, जिन्होंने पूरे विश्व में देश की मजबूत छवि को कायम करते हुये पाकिस्तान के दो टुकड़े किये।
- सरदार वल्लभ भाई पटेल, जिन्होंने देश के एकीकरण के लिये महत्वपूर्ण योगदान दिया।
- समस्त कृतज्ञ राष्ट्र इन नेताओं के दिखाये मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुये श्रद्धांजलि दे रहा है।
इंदिरा गांधी और मोदी की तुलना
डोटासरा ने तुलना करते हुए कहा कि:
- एक वक्त था जब इन्दिरा गॉंधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति से बात करने से इंकार कर दिया और सैन्य कार्यवाही कर पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिये थे।
- और आज भारत के मौजूदा प्रधानमंत्री अमेरिका के दबाव में आ गये और पाकिस्तान के विरूद्ध ऑपरेशन सिंदूर को स्थगित कर दिया।
आरएसएस, नौकरशाही और ‘पर्ची से राज’ पर आरोप
डोटासरा ने कहा कि आज देश में विचित्र हालात उत्पन्न हो गये हैं:
- जो आरएसएस देश की जनता से वोट नहीं लेता है, जनता के प्रति उसकी कोई जवाबदेही नहीं है, वे सरकारों पर अंकुश लगा रहे हैं और अपना आधिपत्य जमाये हुये बैठे हैं।
- राजस्थान स्वतंत्र राज्य है जिसे आरएसएस ने केन्द्र शासित प्रदेश बना दिया है जहॉं केन्द्र की इच्छा के बगैर कुछ नहीं हो सकता है।
- प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी पूरी तरह से हावी है, मुख्यमंत्री और मंत्रियों की भी सुनवाई नौकरशाही नहीं कर रही है, ऐसे में आम जनता की स्थिति तो सोचनीय हो गई है।
लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप: ‘अघोषित आपातकाल’
डोटासरा ने कहा कि भाजपा देश में वोट चोरी कर सरकार पर काबिज हो रही है, एजेन्सियों का दुरूपयोग किया जा रहा है।
डोटासरा का आरोप: “आज देश में अघोषित आपातकाल लगा हुआ है।”
उदाहरण: संवैधानिक प्रावधानों के विरूद्ध यदि कोई मीडिया का व्यक्ति सरकार के विरूद्ध खबर चला दे, कोई व्यक्ति सरकार के विरूद्ध ट्विट कर दे तो उसके विरूद्ध मुकद्मा चला दिया जाता है। कोई नेता अथवा कोई नागरिक सरकार की नीतियों के विरूद्ध अपनी बात रखे तो ईडी, इन्कम टैक्स, सीबीआई की कार्यवाही करवा दी जाती है।
राजस्थान की कानून-व्यवस्था पर सवाल
- प्रदेश में तो हालात बदतर हो गये क्योंकि पहले एक डीजी पुलिस हुआ करता था, लेकिन अब एक डीजी पर दूसरा डीजी और डीजी पर डीजी लगाये गये हैं जिससे प्रदेश के कानून-व्यवस्था रसातल में चली गई।
- इसके लिये मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं, क्योंकि यह अपने विवेक से कोई कार्य नहीं कर रहे हैं बल्कि केन्द्र से आई पर्ची के आधार पर ही निर्णय ले रहे हैं।
- उन्होंने कहा कि मंत्री दौरे पर जाते हैं तो उनसे मिलने पांच लोग भी नहीं आते हैं, क्योंकि आम जनता ही नहीं भाजपा कार्यकर्ताओं को भी ऐसा विश्वास नहीं है कि उनके वाजिब और जरूरी काम सरकार में हो जायेंगे।
- प्रदेश में समस्त कार्यों के ठेके गुजरात की कम्पनियों अथवा दिल्ली दरबार में हाजिरी देने वालों को दिये जा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेने का आह्वान
डोटासरा ने कहा कि आज की परिस्थिति में आयरन लेडी इन्दिरा गॉंधी जैसा साहस, अनुशासन, दूरदृष्टि, पक्का इरादा का नारा जो उन्होंने दिया उसके अनुरूप हर कांग्रेस कार्यकर्ता को कार्य करना होगा।
- सरदार वल्लभ भाई पटेल तथा स्व. श्रीमती इन्दिरा गॉंधी से प्रेरणा लेकर उनके सदगुणों को अपनाते हुये सभी कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता उनके दिखाये मार्ग पर चलते हुये देश की मजबूती के लिये कार्य करेंगे।
- जिस प्रकार नेता विपक्ष राहुल गॉंधी लगातार निडरता के साथ केन्द्र सरकार की गलत नीतियों को लेकर विरोध कर रहे हैं उसी प्रकार सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को काम करना होगा।
- आज के हालात में स्व. श्रीमती इन्दिरा गॉंधी तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन, उनके हौसले, साहस, दृढ़ इच्छा शक्ति तथा देश के लिये अपने आपको बलिदान करने के जज्बे से प्रेरित होकर कार्य करने का संकल्प कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता लेकर देश की मजबूती में अपना योगदान प्रदान करें।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
