चूरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एम एम पुकार के कार्यभार संभालने के बाद, चिकित्सा क्षेत्र में दिखने लगा असर
- किड़नी कैंसर से पीड़ित मरीज का चार घंटे में ऑपरेशन कर बचाई जान
मोहम्मद अली पठान
चूरू, (रॉयल पत्रिका)। चूरू स्थित राजकीय भरतीया अस्पताल में सर्जरी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। यहाँ डॉक्टरों की टीम ने चार घंटे की जटिल सर्जरी करके एक किड़नी कैंसर से पीड़ित मरीज की जान बचाई। यह अस्पताल में इस प्रकार का पहला ऑपरेशन था। जानकारी के अनुसार, भंवरलाल नामक व्यक्ति दुबई में रहते हैं। वे पेट दर्द और पेशाब में खून आने की समस्या से परेशान थे। दुबई में जांच करने पर उनकी किड़नी खराब होने की पुष्टि हुई। बाद में वे इलाज के लिए अपने गांव सातड़ा लौट आए और 26 फरवरी को चूरू के डीबी अस्पताल में डॉक्टर मुकेश खेदड़ और डॉक्टर सुरेंद्र भड़िया से संपर्क किया। जांच में पता चला कि उनकी बायीं किड़नी में कैंसर का बड़ा ट्यूमर है। चूरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एम एम पुकार के नेतृत्व में सर्जरी टीम का गठन किया गया। 27 फरवरी को चार घंटे की जटिल सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने किड़नी को निकाल लिया। डॉ. खेदड़ के अनुसार, ट्यूमर ने किड़नी के 80 प्रतिशत हिस्से को प्रभावित कर दिया था। 11 मार्च को भंवरलाल को पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस ऑपरेशन को आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया था।
डॉ. पुकार के कार्यभार संभालने से अस्पताल में हो रहे हैं सुधार
डॉ. महेश मोहनलाल पुकार के चूरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पद संभालने के बाद से अस्पताल की कार्यप्रणाली में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। अब जटिल ऑपरेशन जैसे कि किड़नी कैंसर के ऑपरेशन यहां पर किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को जयपुर या बीकानेर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। चूरू में भरतीया अस्पताल हमेशा से एक रेफरल अस्पताल के रूप में जाना जाता था, लेकिन डॉ. पुकार के कार्यभार संभालने के बाद यहां की व्यवस्थाओं में बहुत सुधार हुआ है। शहर और जिले में इन सुधारों की बहुत सराहना हो रही है, और अब अस्पताल में उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। डॉ. एम एम पुकार के कार्यभार संभालने से न केवल चूरू अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में सुधार हुआ है, बल्कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा भी मिल रही है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
