Loading...

देशभर में बारिश का कहर, गुजरात-केरल में बाढ़ जैसे हालात, राजस्थान सहित कई राज्यों में IMD का अलर्ट

देशभर में बारिश का कहर, गुजरात-केरल में बाढ़ जैसे हालात, राजस्थान सहित कई राज्यों में IMD का अलर्ट

Follow us

Share

India Heavy Rain Flood : नई दिल्ली/जयपुर। देश के कई राज्यों में इन दिनों मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने देश के 20 राज्यों में तूफानी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली-NCR और बिहार समेत 12 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

गुजरात में बीते दिन हुई भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सूरत में सबसे अधिक 24 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि 12 अन्य क्षेत्रों में 10 इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को गुजरात और केरल राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, केरल में भी लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसे हालात बन गए हैं। इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग लैंडस्लाइड की घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। वहीं असम में बाढ़ से पिछले 24 घंटे में 2 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है।

दिल्ली में मानसून का यू टर्न

दिल्ली में मानसून लगातार यू टर्न ले रहा है। यहां मानसून की रफ्तार धीमी होने के चलते कभी बारिश, कभी उमस और कभी तेज धूप परेशान कर रही है। जुलाई में मौसम का ऐसा ही रूप देखने को मिला। दिल्ली में जुलाई के पूरे महीने में केवल 11 दिन ही बारिश हुई। हालांकि, बीते साल के मुकाबले में इस जुलाई में ज्यादा बारिश 261.52 मिमी दर्ज की गई। जबकि बीते साल 14 दिन 259.11 मिमी बारिश हुई थी। अब मौसम विभाग ने एक बार फिर एक अगस्त से छह अगस्त तक हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मध्य प्रदेश में आज से थमेगा बारिश का दौर

मध्य प्रदेश में आज से बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग की माने तो सिस्टम के कमजोर होने से अगले चार दिन भारी बारिश होने की संभावना नहीं है। हालांकि, यदि सिस्टम की एक्टिविटी जारी रही तो भारी या अति भारी बारिश होने का अनुमान भी है। इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग में पिछले 48 घंटे के दौरान अति भारी या भारी बारिश का दौर रहा। खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, रतलाम, धार समेत पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में तेज बारिश हुई।

Advertisement

यूपी में मानसून की रफ्तार सुस्त

यूपी में मानसून की रफ्तार फिलहाल सुस्त पड़ गई है। लेकिन, पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश से गंगा, घाघरा और सरयू समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू नदी के कटाव की चपेट में आकर एक ही दिन में 9 मकान नदी में समा गए, जबकि 100 से ज्यादा परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर हो गए। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ गया है, जिस वजह से यूपी में मानसूनी गतिविधियों पर अस्थायी ब्रेक लग गया है। सैटेलाइट तस्वीरों में भी प्रदेश के करीब 70-80 फीसदी हिस्से से बारिश कराने वाले बादल गायब दिख रहे हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने शनिवार को 71 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।

राजस्थान के 18 जिलों में अलर्ट

राजस्थान में बारिश का दौर थोड़ा धीमा पड़ गया है। हालांकि, मौसम विभाग ने शनिवार को जालोर और सिरोही में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 18 जिलों में यलो अलर्ट है। शुक्रवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश कोटा और जैसलमेर में हुई। वहीं, बांसवाड़ा में बारिश के बीच हाईटेंशन लाइन टूटने से दो बाइक सवार सहित 4 लोग झुलस गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर धीमा हो गया। 3 अगस्त से मानसून के कमजोर होने की भी आशंका है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।