Loading...

देश के बड़े हिस्से में मानसून ब्रेक, यूपी-बिहार में भारी बारिश… जानें राजस्थान में कब बदलेगा मौसम

देश के बड़े हिस्से में मानसून ब्रेक, यूपी-बिहार में भारी बारिश… जानें राजस्थान में कब बदलेगा मौसम

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूरे देश को कवर कर लिया है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल मानसून पर ब्रेक लग गया है। जिसके चलते राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में बारिश का दौर थम गया है। वहीं, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में घनघोर बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में एक लाख से अधिक लोग बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि मिजोरम में भूस्खलन ने परेशानियां बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं पूर्वी भारत में आकर रुक गई हैं। इससे पश्चिम-उत्तर भारत तक पर्याप्त मात्रा में नम हवाएं नहीं पहुंच पा रही हैं, इसलिए बारिश कम हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ दिनों बाद नया लो-प्रेशर सिस्टम बनने या मानसून ट्रफ के पश्चिम की ओर बढ़ने पर इन राज्यों में भी अच्छी बारिश शुरू हो सकती है।

एमपी में 5 दिनों तक बारिश के आसार नहीं

मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बारिश थमने से 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाली गर्मी लौट आई है और उमस भी बेचैन करने लगा है। बारिश नहीं होने से लोगों को जुलाई में ही मार्च-अप्रैल जैसे मौसम का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिन भारी बारिश होने का अनुमान कम है। ऐसे में पारे में और भी बढ़ोतरी हो सकती है।

यूपी में बारिश का सिलसिला जारी

उत्तरप्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। अयोध्या में मंगलवार सुबह आंधी के साथ तेज बारिश हुई। वहीं लखनऊ, संभल, हाथरस, देवरिया, आगरा में भी कहीं तेज तो कहीं धीमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज 33 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश से यूपी में नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। मथुरा में यमुना नदी उफान पर है। वहीं बरेली में रामगंगा और बिजनौर में मलान नदी खतरे के निशान के करीब हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। कानपुर और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। पानी आनंदेश्वर मंदिर घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है।

Advertisement

राजस्थान एक्टिव हुआ मानसून, 18 जिलों में अलर्ट

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को मानसून की रफ्तार थोड़ी सुस्त नजर आई, जिससे लोगों को अच्छी बारिश का इंतजार रहा। हालांकि, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और अलवर जैसे कुछ जिलों में मेघ बरसे, जिससे वहां के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार, 15 जुलाई से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा, जिससे प्रदेश के 18 जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर ने जिन 6 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें दौसा, करौली, भरतपुर, अलवर, डीग और धौलपुर शामिल हैं। इन जिलों के निवासियों को खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और आकाशीय बिजली को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा आगामी घंटों में हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूंबर, प्रतापगढ़, डूंगरगढ़ और बांसवाड़ा में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे ज्यादा बारिश अलवर जिले में रिकॉर्ड की गई। कोटपूतली-बहरोड़ में भी बादल जमकर बरसे। वहीं हनुमानगढ़ के टिब्बी क्षेत्र में भी मंगलवार सुबह तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहा।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।