Loading...

वो आलू से सोना बनाएंगे, हम शेखावाटी में पानी लेकर आएंगे, यमुना जल समझौते पर क्या बोले CM भजनलाल शर्मा

वो आलू से सोना बनाएंगे, हम शेखावाटी में पानी लेकर आएंगे, यमुना जल समझौते पर क्या बोले CM भजनलाल शर्मा

Follow us

Share

जयपुर। राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। केंद्र सरकार, राजस्थान सरकार और हरियाणा सरकार के बीच हुए यमुना जल समझौते (एमओए) के बाद अब सीकर, चूरू और झुंझुनूं जैसे जिलों तक यमुना का पानी पहुंचाने का रास्ता साफ हो गया है। इस समझौते के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जब जयपुर पहुंचे तो भारतीय जनता पार्टी ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका अभिनंदन किया।

यमुना जल समझौते के बाद मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर आगमन पर भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए उनका भव्य स्वागत किया। जयपुर एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, नारों और पारंपरिक स्वागत के साथ मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान मदन राठौड़ ने उन्हें चांदी का कलश भेंट किया, जिसे मुख्यमंत्री ने सिर पर रखकर स्वीकार किया।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी आभार व्यक्त किया। उन्होंने पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने राजस्थान के यमुना जल की मांग को पूरा किया। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी रही है और उनकी सरकार किसानों, उद्योगों तथा आमजन के लिए जल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना जैसी वर्षों से लंबित योजनाओं को उनकी सरकार ने आगे बढ़ाया है। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन से पानी आएगा। सरकार की कोशिश है कि जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए और उसे समय पर पूरा किया जाए।

Advertisement

राजस्थान को मिलेगा यमुना का पानी तो प्रदेश आगे बढ़ेगा

इससे पहले जयपुर एयरपोर्ट पर सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि जब राजस्थान में हमारी सरकार आई थी तो सबसे पहले हमने राजस्थान का रोडमेप बनाया कि राजस्थान में सबसे ज्यादा जरूरत किस चीज की है। सभी की मांग थी कि राजस्थान को अगर पानी मिलेगा तो हमारा राजस्थान आगे बढ़ेगा। हमारे किसान को पानी चाहिए, उद्योग को भी पानी चाहिए, पीने के लिए शुद्ध पानी जनता को चाहिए। हमारी कई परियोजनाएं 40-50 साल से लंबित थी। ईआरसीपी, यमुना जल समझौता और देवास परियोजना सहित अन्य परियोजनाओं पर हमने पिछले ढाई साल में काम किया है।

राहुल गांधी आलू से और किसान यमुना के पानी से पैदा करेगा सोना

विपक्ष को जवाब देते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि उन्हें पहले 1994 के समझौते को पढ़ना चाहिए। राजस्थान के हक का जितना भी पानी है, वह हमें पूरा मिलेगा। राहुल गांधी कहते हैं कि वो आलू से सोना बनाएंगे, लेकिन मैंने शेखावटी के लोगों से कहा था कि हम यह तो नहीं कर सकते हैं, लेकिन हम यमुना का पानी लेकर आएंगे। जिसके बाद हमारा किसान जरूर सोना पैदा करेगा।

कांग्रेस ने शेखावाटी के लोगों के साथ किया अन्याय

सीएम ने कहा कि आज मैं कांग्रेस के लोगों के बयान देख रहा था। वे 5 दिन पहले कुछ और कह रहे थे। हमने कहा कि इसका जवाब हम तभी देंगे, जब हमारा यह समझौता हो जाएगा। लेकिन आज उनके सुर बदल गए हैं। शेखावाटी के लोग आज मेरे सामने बैठे हैं। कांग्रेस के लोगों ने शेखावाटी के साथ जितना अन्याय किया, उतना किसी ने नहीं किया। जब वोट का समय आता था तो यह शिलान्यास कर देते थे। यमुना के पानी के ख्वाब दिखाते थे। लेकिन इन्होंने आज तक इसे लेकर एक पत्र भी नहीं लिखा।

राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली को उसके हिस्से का पानी मिलेगा

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अपने शासनकाल की कोई भी बड़ी परियोजना बता दें, जिसे कांग्रेस ने शुरू किया हो। सीएम ने कांग्रेस के उस बयान पर भी पलटवार किया था, जिसमें कांग्रेस ने राजस्थान को कम पानी मिलने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि साल 1994 में हुए समझौते के अनुसार ही राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली को उसके हिस्से का पानी मिलेगा।

कांग्रेस ने राजस्थान के लोगों के दर्द को कभी नहीं किया महसूस

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक राजस्थान, हरियाणा और केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन कांग्रेस ने हमारे शेखावाटी और राजस्थान के लोगों के दर्द को कभी महसूस नहीं किया। उन्होंने इस दिशा में एक भी कदम आगे नहीं बढ़ाया। वहीं पानी के साथ बिजली पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने 12 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन किया है और आने वाले समय में हम बिजली में सरप्लस होंगे, दूसरे प्रदेशों को बिजली देने वाले बनेंगे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।