Loading...

रामगढ़ हादसा : किसी का नया घर बसा, किसी की गोद भरी…सड़क हादसे में मारे गए लोगों की कहानी

Top News Trending Now देश

रामगढ़ हादसा : किसी का नया घर बसा, किसी की गोद भरी…सड़क हादसे में मारे गए लोगों की कहानी

Follow us

Share

रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और पिकअप की टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद पिकअप के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में सवार सभी लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे, उनके सामान बैंड-बाजे सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं टक्कर के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़ फरार हो गया। घटनास्थल पर सात लोगों की मौत हुई। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को रांची रेफर किया गया, जिसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह हादसा रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर हुआ।

मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में से कई ऐसे थे, जिनकी कमाई से ही घर चलता था। इनमें से दो हजारीबाग और 6 लोग रामगढ़ के रहने वाले थे। शुक्रवार को उन्हें मुहर्रम जुलूस में बैंड-ताशा बजाना था। मृतक हेमंत कुमार महतो (25) के चाचा रघुनंदन महतो ने बताया कि महज एक महीने पहले ही हेमंत का विवाह हुआ था। घटना की सूचना सुनते ही पत्नी और मां की तबीयत खराब हो गई।

तीन माह पूर्व बने थे दूसरी बार पिता

वहीं मृतक अनोद कुमार के जीजा रॉबिन महतो ने बताया कि तीन माह पहले ही अनोद बेटे के पिता बने थे। इससे पहले उनकी एक चार साल की बेटी है। अनोद अपने बच्चों से बहुत प्यार करते थे। ताशा पार्टी के काम से ही इनका घर चलता था। घर पर अनोद की पत्नी सुषमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

Advertisement

पिकअप में 8 लोग सवार थे

जानकारी के अनुसार, मृतक सभी लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े हैं। पिकअप में 8 लोग सवार थे, जो रामगढ़ से मारगामरचा आए थे। यहां से उन्हें फिर बलसगरा जाना था और अपने कुछ अन्य साथियों को लेकर बिहार में एक कार्यक्रम शामिल होना था। इसी दौरान, सामने से आ रहे तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में सवारी वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई। एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

चश्मदीद बोले, एक-दूसरे पर चढ़ गए थे लोग

हादसे को सबसे पहले स्थानीय तबरेज आलम ने देखा। वो मुहर्रम जुलूस देखकर अपने घर लौट रहे थे। तबरेज ने बताया, रात में अचानक जोरदार आवाज आई। पीछे मुड़कर देखा तो ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मारी थी। मैं भागता हुआ मौके पर पहुंचा तो दिखा कि सवारी गाड़ी में बैठे ताशा पार्टी के सदस्य बुरी तरह से घायल थे। कुछ लहुलूहान हालत में पानी मांग रहे थे। आठ लोग गाड़ी में बुरी तरह से फंसे हुए थे। एक के ऊपर एक लोग चढ़ गए थे। उनके बैंड-ड्रम सड़क पर बिखर गए थे।

इसके बाद स्थानीय ग्रामीण भी भागते हुए मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी। सभी के सहयोग से बारी-बारी से बॉडी को बाहर निकाला गया। तब तक पुलिस भी पहुंच गई। पहले तो ग्रामीणों ने लाश को वहां से उठने नहीं दिया, हंगामा करने लगे फिर प्रशासन के समझाने पर बाद डेड बॉडी उठाई गई।

7 की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में दम तोड़ा

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, रजरप्पा थाना पुलिस और अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

बैंड पार्टी के सदस्य थे सभी

हादसे में मृतकों की पहचान अशोक (45) मारंगमार्चा, रजरप्पा, शक्ति (34), डेविड करमाली (34), अनोद कुमार (31), हेमंत कुमार महतो (25), बलसगरा, हजारीबाग, पवन करमाली (23), मरांगमर्चा, रजरप्पा, मनीष कुमार (22), दाढ़ी, हजारीबाग, पप्पू करमाली (18), मारंगमर्चा, रजरप्पा के रूप में हुई। पुलिस ने शुक्रवार को सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए।

 

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।