Loading...

मानसून से पहले भीगा राजस्थान! जयपुर में बारिश से सड़कें डूबीं, एक सप्ताह तक रहेगा दौर

मानसून से पहले भीगा राजस्थान! जयपुर में बारिश से सड़कें डूबीं, एक सप्ताह तक रहेगा दौर

Follow us

Share

Rajasthan Monsoon Rainfall : जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून का दौर जारी है। प्रदेश में मानसून के इंतजार के बीच गुरुवार को जयपुर में तेज बारिश हुई। जयपुर में गुरुवार को करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कें लबालब हो गईं। आंधी से कई पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने से उनके नीचे बाइक और कई गाड़ियां भी दब गईं। जयपुर के अलावा अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर संभाग के कुछ एरिया में दोपहर बाद आंधी चली, फिर बारिश हुई। वहीं नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा के भी कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 27 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने और आगामी 4-5 दिन में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है।

जयपुर में दोपहर बाद हुई तेज बारिश

राजधानी में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पहले तेज हवा चली फिर बारिश शुरू हो गई। जयपुर में करीब एक घंटे तक जोरदार बारिश हुई। जिसके चलते जयपुर कलेक्ट्रेट, चारदीवारी (परकोटा) के आसपास एरिया में सड़कों पर आधा फीट तक पानी बहता नजर आया, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। वहीं सांगानेर, जेएलएन मार्ग, फागी, जालसू, कालवाड़ और आमेर भी तेज बारिश हुई। तेज बारिश और आंधी से पेड़ों को भी नुकसान हुआ। रामनिवास बाग में एक दर्जन से ज्यादा बड़े और पुराने पेड़ जड़ से उखड़ गए। कई पेड़ टूट गए। जोरावर सिंह गेट और किशनपोल बाजार में भी पेड़ गिर गए।

प्रदेश में कहां-कहां हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान जोधपुर, नागौर, डेगाना, खींवसर्र, सवाई माधोपुर, बीकानेर, धौलपुर, कोटा, राजसमंद और भीलवाड़ा में बारिश हुई।

Advertisement

फलोदी, श्रीगंगानगर में 41 डिग्री तापमान दर्ज

बारिश से पहले गुरुवार को कुछ शहरों में गर्मी तेज रही। फलोदी, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस फलोदी में दर्ज हुआ। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41, जैसलमेर में 40.8, बाड़मेर में 40.5, बीकानेर में 39.3, चूरू में 39.8, जोधपुर में 39.2, पिलानी (झुंझुनूं) में 39.4, करौली में 39, दौसा में 38.8 और पाली में 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राजस्थान में 30 जून को होगी मानसून की एंट्री

केरल में दक्षिण पश्चिम मानसून की दस्तक के बाद अब राजस्थान में आगमन को लेकर नजरें टिक गई हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में मानसून का आगमन 28 से 30 जून के बीच होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून इस बार भी बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों शाखाओं के जरिए आगे बढ़ेगा। सबसे पहले दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से इसकी शुरुआत होने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे यह मध्य राजस्थान और फिर पश्चिमी जिलों तक पहुंचेगा।

कोटा, झालावाड़, बारां क्षेत्र में 28 जून तक आ सकता है मानूसन

दक्षिण-पूर्वी राजस्थान (कोटा, झालावाड़, बारां क्षेत्र) में मानसून सबसे पहले दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार यहां 28 से 30 जून के बीच मानसून की पहली बारिश होने की संभावना है। इस क्षेत्र में पहले से ही प्री-मानसून बादल सक्रिय रहने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे बारिश की शुरुआत जल्दी हो सकती है।

जयपुर-अजमेर में 29 से 30 जुलाई के बीच पहुंच सकता है मानसून

जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और टोंक सहित मध्य-पूर्वी राजस्थान में मानसून 29 से 30 जून के बीच पहुंचने का अनुमान है। राजधानी जयपुर में इस दौरान मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जहां दिन के तापमान में गिरावट आएगी और आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। अजमेर और भीलवाड़ा में भी इस अवधि में अच्छी बारिश के आसार हैं।

1 जुलाई के बीच जोधपुर और नागौर में आने की संभावना

जोधपुर, पाली और नागौर जैसे मध्य-पश्चिमी राजस्थान के जिलों में मानसून थोड़ा देर से पहुंचेगा। यहां 30 जून से 1 जुलाई के बीच मानसून सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान धूल भरी हवाएं और प्री-मानसून बारिश का दौर पहले शुरू होगा, जिसके बाद नियमित वर्षा देखने को मिलेगी।

पश्चिमी राजस्थान में 30 जून के बीच हो सकती है मानसून की एंट्री

बाड़मेर, जैसलमेर और जालौर जैसे पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में मानसून का असर सबसे अंत में पहुंचेगा। मौसम विभाग के अनुसार यहां 30 जून के बीच मानसून की एंट्री संभावित है। थार मरुस्थल क्षेत्र होने के कारण यहां बारिश का स्वरूप थोड़ा असमान हो सकता है, लेकिन मानसून सक्रिय होने के बाद इन इलाकों में भी गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।