Loading...

होर्मुज से जॉर्डन तक बढ़ा युद्ध का खतरा, ईरान की अमेरिकी एयरस्ट्राइक के जवाब में कार्रवाई, पश्चिम एशिया में हाई अलर्ट

Follow us

Share

Iran Missile Attack Jordan : तेल अवीव। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब और आक्रामक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरान ने बुधवार को बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर कुल 21 हमले करने का दावा किया। ईरान ने जॉर्डन में उस एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं, जहां अमेरिकी सेना की मौजूदगी है। वहीं जॉर्डन की सेना ने दावा किया कि उसने पांच मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया। इधर, अमेरिका ने भी ईरान पर बड़े एयरस्ट्राइक किए हैं। लगातार हो रहे हमलों ने पूरे पश्चिम एशिया में डर और अनिश्चितता बढ़ा दी है। बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में सायरन बजाए गए और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए। इससे पहले अमेरिकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट के पास ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और निगरानी रडार ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।

इससे पहले सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी सेना का अपाचे हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। एक दिन बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने इसका आरोप ईरान पर लगाया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका इस हमले का जवाब जरूर देगा और इसके जिम्मेदार लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। हालांकि ईरान ने अमेरिकी हेलिकॉप्टर गिराने की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं चीन ने अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष पर गहरी चिंता जताई है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।

अमेरिका ने ईरान पर क्यों किया हमला?

अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी सेंटकॉम के मुताबिक अमेरिकी वायुसेना और नौसेना ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और रडार साइट्स पर हमला किया। अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि होर्मुज के पास अमेरिकी एएच-64 अपाचे हेलीकॉप्टर एक ईरानी ड्रोन से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू की। अमेरिका का आरोप है कि ईरान लगातार अमेरिकी सैनिकों और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा पैदा कर रहा है।

Advertisement

ईरान ने जॉर्डन और खाड़ी देशों को क्यों बनाया निशाना?

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन की ओर जवाबी मिसाइल हमले किए। जॉर्डन ने कहा कि ईरान की पांच मिसाइलों को मार गिराया गया। ईरान का दावा है कि ये मिसाइलें मुवाफ्फाक सलती एयरबेस की ओर दागी गई थीं, जहां अमेरिकी लड़ाकू विमान तैनात हैं। बहरीन और कुवैत में भी खतरे के सायरन बजाए गए और एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किए गए। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान किसी भी हमले का जवाब जरूर देगा।

होर्मुज और तेल बाजार पर इसका क्या पड़ा असर?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक रास्तों में शामिल है। यहां बढ़ते तनाव का असर सीधे तेल सप्लाई और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष के बाद दुनियाभर में ऊर्जा कीमतें बढ़ी हैं। कई देशों में खाद्य पदार्थ और जरूरी सामान भी महंगे हुए हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर संघर्ष और बढ़ा, तो वैश्विक तेल बाजार में बड़ा संकट पैदा हो सकता है।

क्या इस्राइल-ईरान संघर्षविराम भी टूटने की कगार पर है?

ईरान और इस्राइल के बीच पहले से ही तनाव जारी है। हाल ही में लागू संघर्षविराम के बाद दोनों देशों ने फिर एक-दूसरे पर हमले किए। ईरानी मीडिया ने दावा किया कि इस्राइली हमलों में उसके एयर डिफेंस यूनिट के दो सदस्य मारे गए। वहीं लेबनान में हिज्बुल्लाह और इस्राइल के बीच संघर्ष भी जारी है। इससे पूरे पश्चिम एशिया में युद्ध का खतरा और बढ़ गया है।

राष्ट्रपति ट्रंप का दावा, ईरान के साथ समझौते की कोशिशें जारी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ समझौते की कोशिशें अभी भी जारी हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच शर्तों को लेकर टकराव बना हुआ है। अमेरिका चाहता है कि ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम भंडार को खत्म करे, जबकि ईरान पहले प्रतिबंध हटाने और जमे हुए फंड जारी करने की मांग कर रहा है। पाकिस्तान समेत कई देश मध्यस्थता की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन लगातार सैन्य कार्रवाई से शांति वार्ता कमजोर पड़ती दिख रही है। फिलहाल पूरा पश्चिम एशिया युद्ध जैसे हालात के बीच हाई अलर्ट पर है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।