Loading...

बंगाल में ममता बनर्जी के भतीजे पर हमला, अभिषेक बनर्जी पर भीड़ ने अंडे-पत्थर फेंके, शर्ट फाड़ी, चोर-चोर के नारे लगे

Follow us

Share

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ दक्षिण सोनारपुर में शनिवार को मारपीट हुई। घटना पर अभिषेक ने कहा- मेरी हत्या की कोशिश की गई। वहीं, इस घटना को लेकर ममता बनर्जी ने भतीजे अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को साजिश बताया। ममता ने कहा कि शासक हत्यारे बन गए, भाजपा को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अभिषेक ने हेलमेट नहीं पहना होता तो उनकी मौके पर जान जा सकती थी। हमले के चलते शरीर में खून के थक्के जम गए थे। हमले के बाद अभिषेक को जब हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया तो अस्पताल प्रशासन पर इलाज न करने का दबाव डाला गया। साथ ही उन्हें जल्द डिस्चार्ज करने को कहा गया।

पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार

अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में वे दो लोग भी शामिल हैं, जो वायरल वीडियो में पत्थरबाजी करते दिखे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें कथित तौर पर घटना से जुड़े वीडियो में देखा गया था। पुलिस ने मामले की जांच के तहत 5 लोगों को हिरासत में लिया है।

ममता का आरोप- डीसीपी ने अस्पताल पर दबाव डाला

हमले के बाद अभिषेक को पहले अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने घर पर आराम की सलाह दी थी। बाद में उन्हें बेले व्यू अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में अभिषेक से मिलने के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा नेताओं और दक्षिण कोलकाता के डीसीपी की ओर से डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन को धमकी भरे फोन आ रहे थे। अगर अभिषेक की हालत गंभीर नहीं थी तो उन्हें इंटेसिव थैरेपी यूनिट (आईटीयू) में क्यों रखा गया? फिर अचानक उन्हें अस्पताल से छुट्टी क्यों दी गई? अब अभिषेक का इलाज घर पर ही होगा। उनके घर पर ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य मेडिकल उपकरण लगाए गए हैं।

सोनारपुर में जहां गए थे अभिषेक, वहां चुनाव के बाद हुई थी हिंसा

दरअसल, विधानसभा चुनाव 2026 के बाद मई में हुई हिंसा में सोनारपुर में एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत हो गई थी। वहीं सोनारपुर के कामराबाद नस्करपाड़ा इलाके में भाजपा कार्यकर्ता सौमेन दास के घर में आग लगा दी गई थी। अभिषेक बनर्जी चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ित टीएमसी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। लोगों ने उन पर पत्थर, जूते और अंडे फेंके, उनकी शर्ट फाड़ दी। अभिषेक को हेलमेट पहनाकर वहां से निकाला गया।

Advertisement

बंगाल में पहली बार बीजेपी को मिला बहुमत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के 4 मई को आए रिजल्ट में भाजपा ने 294 में से 208 सीटें जीतकर पहली बार सरकार बनाई थी। TMC सिर्फ 80 पर सिमट गई थी। अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र की विधानसभा सीट फालता में भाजपा ने सबसे बड़े अंतर से जीत का रिकॉर्ड बनाया था। सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में BJP के पहले मुख्यमंत्री बने थे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।