Loading...

समुद्र से होकर आ रही 1150 करोड़ की कोकीन जब्त, पाकिस्तान से आ रही थी भारत… गुजरात ATS और कोस्ट गार्ड के एक्शन से मचा हड़कंप

Follow us

Share

कच्छ। गुजरात ATS और भारतीय तटरक्षक बल की टीम ने कच्छ के समुद्री मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए
करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोकीन की कीमत करीब 1,150 करोड़ रुपए आंकी गई है। जांच में सामने आया है कि कोकीन की यह खेप दक्षिण अमेरिकी देशों से पाकिस्तान के रास्ते भारत लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपी विदेशी हैं। फिलहाल ATS और अन्य एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

दिल्ली के द्वारका में पहुंचाई जाने वाली थी नशे की खेप

गुजरात DGP डॉ. केएलएन राव ने बताया कि सूचना मिलने के बाद इंडियन कोस्ट गार्ड और गुजरात एटीएस मुंद्रा पोर्ट पर एक संयुक्त ऑपरेशन चला रही थीं। इसी के तहत मंगलवार की सुबह भारतीय समुद्री सीमा से एक कंटेनर जहाज पकड़ा गया। जहाज ब्राजील, कई लैटिन अमेरिकी देशों, मेक्सिको, अमेरिका और कराची होते हुए गुजरात के तट तक पहुंचा था। जहाज में नाइजीरिया की नागरिकता वाले दो आरोपी सवार थे, जिनमें से एक समुद्र में कूदकर फरार हो गया। पकड़े गए एक आरोपी ने बताया कि खेप दिल्ली के द्वारका में रहने वाले दो लोगों तक पहुंचाई जाने वाली थी।इनकी पहचान क्लैविन चुकवुमा (तंजानिया का नागरिक) और ब्यारुहांगा जेम्स (युगांडा का नागरिक) के रूप में हुई है। दोनों को अरेस्ट कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि कोकीन की डिलीवरी देश में किसे और कहां होने वाली थी।

एंटी-नारकोटिक्स की सबसे बड़ी कार्रवाई

गुजरात के मुंद्रा तट के पास चलाए गए इस संयुक्त ऑपरेशन को हाल के वर्षों की सबसे बड़ी एंटी-नारकोटिक्स कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक यह ऑपरेशन 25-26 मई 2026 की रात खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। जानकारी के अनुसार गुजरात ATS को समुद्री रास्ते से नशीले पदार्थों की तस्करी की विशेष और विश्वसनीय सूचना मिली थी। इसके बाद ATS ने भारतीय तटरक्षक बल के साथ मिलकर संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के तहत ICG की इंटरसेप्टर बोट्स में ATS के अधिकारियों को भी तैनात किया गया और मुंद्रा एंकरिज क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम की नजर कंटेनर जहाज एमवी यूरोप पर पड़ी, जो मुंद्रा तट से करीब पांच नॉटिकल मील दूर लंगर डाले खड़ा था। इसी दौरान अधिकारियों ने जहाज से कुछ संदिग्ध बैग समुद्र में फेंके जाते देखे। इसके बाद ICG और ATS की संयुक्त टीम तुरंत हरकत में आई और रात के अंधेरे तथा बेहद कम दृश्यता जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद समुद्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

टीम ने समुद्र से पांच बैग बरामद किए

तेज कार्रवाई करते हुए टीम ने समुद्र से पांच बैग बरामद किए। जब इन बैगों की जांच की गई तो उसमें सफेद रंग का पाउडर मिला। शुरुआती परीक्षण में यह पदार्थ कोकीन निकला। अधिकारियों के अनुसार, कुल 115 पैकेट बरामद किए गए, जिनमें प्रत्येक पैकेट का वजन लगभग एक किलो था। इस तरह कुल 115 किलो कोकीन जब्त की गई।

Advertisement

इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट सक्रिय हो सकता है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ड्रग्स की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे भारत या किसी अन्य देश में किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था। पिछले पांच वर्षों में दोनों एजेंसियों की यह 15वीं सफल एंटी-नारकोटिक्स कार्रवाई है। सरकारी एजेंसियों का कहना है कि समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने और नशा मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।