Loading...

10-12 साल से हिंदू-मुसलमान की राजनीति में फंसा रखा, CJP बोली-हम कीड़े-मकोड़े…लेकिनअपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए सक्षम

Follow us

Share

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक सहित अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि 10-12 साल से इन लोगों (सरकार) ने हमें हिंदू मुसलमान की राजनीति में फंसा कर रखा। क्या हिंदू मुसलमान करने से देश में किसी को भी नौकरियां मिली? उधर पार्टी ने सोशल पोस्ट में लिखा कि सरकार के लिए हम कीड़े मकौड़े हो सकते हैं लेकिन हम जीवित है और अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए सक्षम हैं। अभिजीत के साथ हजारों प्रदर्शनकारी विरोध में शामिल हैं। जिसमें ज्यादातर स्टूडेंट और युवा हैं। कुछ बुजुर्ग भी अपने बच्चों के साथ विरोध करने आए। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अभिजीत ने कहा- दोस्तों, यह एक लंबी लड़ाई है। हमें सोशल मीडिया पर प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक महीना हो गया है, लेकिन ये लोग कार्रवाई करने के बजाय वे ध्यान भटकाने वाली दूसरी चीजों पर ध्यान दे रहे हैं।

भारत आते ही अभिजीत ने अंबेडकर की बुक को हाथ में उठाया

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके शनिवार को भारत पहुंचे। वे शनिवार सुबह 7:45 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। करीब एक घंटे बाद अभिजीत दीपके एयरपोर्ट से बाहर आए। अभिजीत ने बाहर आकर अंबेडकर की बुक को हाथ में उठाया। वे एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर के लिए निकल गए हैं। सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने प्रदर्शन की इजाजत पहले ही ले ली थी। आशुतोष रांका ने कहा- अभिजीत (दीपके) दिल्ली पहुंच गए हैं। हमें उम्मीद है कि यह भारतीय राजनीति में एक ऐतिहासिक दिन होगा। जल्द ही वे एयरपोर्ट से बाहर आएंगे, हम पुलिस स्टेशन जाएंगे जहां वे दिल्ली पुलिस से इजाजत लेंगे और फिर हम जंतर-मंतर पर बैठेंगे।

आशुतोष रांका ने कहा कि जंतर-मंतर पर CJP का आज पहला प्रदर्शन है। यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक और CBSE, CUET SSC-GD जैसी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ है। पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। CJP ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले समर्थकों के लिए एक गाइडलाइन भी जारी की है। इसमें समर्थकों से सनस्क्रीन लगाकर, नाश्ता करके आने, हाथ में तिरंगा, फूल और किताब लाने जैसी 8 अपील की गई हैं। इससे पहले सीजेपी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दे दी है। अब हम सीधे जंतर-मंतर पर इकट्ठा हो सकते हैं और हमें पहले की योजना के अनुसार पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाने की जरूरत नहीं है। कॉकरोच आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं।

Advertisement

अभिजीत बोले- शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना चाहिए

अभिजीत दीपके ने दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। दीपके ने कहा- शिक्षामंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, अब तक 5 स्टूडेंट सुसाइड कर चुके हैं।

दिल्ली पुलिस बोली- CJP ने नहीं मांगी प्रदर्शन की परमिशन

वहीं दिल्ली पुलिस ने कहा कि 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए अब तक कोई एप्लीकेशन नहीं आई है। इसके बावजूद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी में 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

दिल्ली हाईकोर्ट ने सीजेपी से जुड़ी याचिका पर सुनवाई नहीं की

दिल्ली हाईकोर्ट ने 6 जून को सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। याचिका में दावा किया गया था कि सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारियों को एयरपोर्ट बाधित करने और पेपर स्प्रे व डंडे रखने के लिए उकसाया जा रहा है। एनजीओ सेव इंडिया फाउंडेशन ने अदालत से मांग की थी कि पुलिस प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करे। साथ ही जंतर-मंतर पर होने वाली सभा को नियंत्रित करने, रोकने या किसी दूसरी जगह कराने पर भी विचार किया जाए।

सोनम वांगचुक ने समर्थन की अपील की

CJP को अब तक सोशल एक्टिविक्ट सोनम वांगचुक, एक्टर अतुल कुलकर्णी, दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) पूर्व प्रेसिडेंट रौनक खत्री समेत अन्य लोगों का समर्थन मिला है। सोनम वांगचुक जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में भी शामिल होंगे।

CJI के बयान के विरोध के बाद बनीं CJP

गौरतलब है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान देश के बेरोजगार युवाओं की तुलना कथित तौर पर कॉकरोच से कर दी थी। CJI ने कहा था, ‘कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जिन्हें न कोई रोजगार मिलता है और न ही किसी पेशे में उनका कोई स्थान होता है। उनमें से कुछ मीडिया के क्षेत्र में जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया कार्यकर्ता बनते हैं, कुछ RTI कार्यकर्ता बनते हैं और फिर वे हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।’ CJI ने बवाल बढ़ने के बाद इस बयान पर सफाई भी दी थी।

हालांकि युवाओं ने इस बयान का विरोध किया है और इसी कड़ी में कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत की गई। मजाक-मजाक में शुरू की गई यह मुहिम अब तेजी पकड़ रही है और कई बड़ी हस्तियों ने भी इसे समर्थन दिया है। सपा सांसद अखिलेश यादव, TMC की महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद सहित कई नेताओं ने उसकी सदस्यता ली है। वहीं अनुराग कश्यप, कोंकणा सेन शर्मा जैसे कई फिल्मी सितारें भी इससे जुड़े हैं।

CJP ने जारी किया मैनिफेस्टो, किए 5 वादे

6 दिन पहले बनी अभिजीत दीपके की CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) ने मैनिफेस्टो जारी किया है। अगर सीजेपी पार्टी सरकार में आती है तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा जाने का रिवॉर्ड नहीं मिलेगा। अगर कोई वैध वोट डिलीट किया जाएगा, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA में गिरफ्तार किया जाएगा क्योंकि किसी के वोटिंग का अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं। पार्टी के महिलाओं के लिए 50% का आरक्षण होगा, न कि 33 फीसदी इसके लिए सांसदों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जाएगी। कैबिनेट में भी महिलाओं के लिए 50% आरक्षण होगा। अंबानी और अडाणी के सभी मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे, ताकि वास्तव में स्वतंत्र मीडिया को जगह मिल सके। गोदी मीडिया एंकरों के बैंक अकाउंट्स की जांच कराई जाएगी। अगर कोई विधायक या सांसद दलबदल कर दूसरी पार्टी में जाता है तो उसके चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाई जाएगी। उसे अगले 20 साल तक किसी भी पब्लिक ऑफिस में पद नहीं दिया जाएगा।

AAP में काम कर चुके हैं अभिजीत

अभिजीत अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे हैं। वो 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर भी रह चुके हैं। हाल ही में उन्होंने BBC को बताया, ‘मैं X पर CJI का बयान देख रहा था, जहां पर वो सिस्टम की आलोचना करने और राय देने के लिए देश के युवाओं की तुलना कॉकरोच और परजीवियों से कर रहे थे। सोशल मीडिया पर मैंने इस पर अपनी राय दी। मैंने पूछा कि सब कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा। मुझे Gen Z और 25 साल तक के युवाओं के कमाल के जवाब मिले। उन्होंने कहा कि हमें साथ आना चाहिए और एक प्लेटफॉर्म बनाना चाहिए। फिर क्या था मैंने CJP बना ली।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।