Loading...

देश के इन राज्यों में भारी बारिश से मचा हाहाकार, ऋषिकेश में राफ्टिंग पर रोक, यूपी सहित 26 राज्यों में पहुंचा मानूसन

देश के इन राज्यों में भारी बारिश से मचा हाहाकार, ऋषिकेश में राफ्टिंग पर रोक, यूपी सहित 26 राज्यों में पहुंचा मानूसन

Follow us

Share

नई दिल्ली/जयपुर। देश के कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। जम्मू-कश्मीर को डोडा में बुधवार सुबह 2 बार बादल फटा। भलेसा के कलालगीसर इलाके में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बादल फटने के बाद ढेर सारा मलबा पहाड़ी से बहकर सड़क पर आ गया। इससे रास्ते ब्लॉक हो गए। प्राकृतिक आपदा के कारण व्यापक स्तर पर फसलों, बाग-बगीचों और निजी संपत्ति को हानि पहुंची है। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

वहीं, अरुणाचल प्रदेश और असम के कई हिस्सों में लगातार बारिश की वजह से बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बनी हुई है। यहां अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है। अंजॉ जिले के सारती गांव में लैंडस्लाइड में एक व्यक्ति की मौत हुई। इससे पहले कीयी पन्योर में बाढ़ में 3 लोग बह गए थे। अधिकारियों के मुताबिक अभी भी 2 लोग लापता हैं। 28 जिलों के 90 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

ऋषिकेश में राफ्टिंग पर NO ENTRY

इधर, मध्य प्रदेश के हरदा-खरगोन में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि बैतूल में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए। वहीं, चंपा नदी के उफान में बाइक समेत दो युवक बह गए। वहीं बिहार में भी बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा यूपी के सोनभद्र में पिकनिक मनाने गए 3 लोग बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गए। जिनमें से एक ही मौत हुई। इसके अलावा उत्तराखंड में बारिश से देहरादून में रिस्पना नदी उफान पर है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ऋषिकेश में राफ्टिंग पर 31 अगस्त तक रोक लगा दी गई है।

Advertisement

दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंचा

मानसून बुधवार को पंजाब और हरियाणा में पहुंच गया है। इससे पहले मंगलवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में एंट्री कर ली है। देश में अब तक 26 राज्यों को कवर कर लिया है। अब दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंच गया है।

यूपी में मानसून का इंतजार खत्म

यूपी में मानसून का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मंगलवार (30 जून) को मानसून ने सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते यूपी में दस्तक दी। इसके असर से पूर्वी यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। बुधवार सुबह से प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर समेत 25 शहरों में बारिश हुई। कानपुर, आगरा, मथुरा समेत ज्यादातर शहरों में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट किया है। बुधवार को सभी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। आमतौर पर मानसून 20 जून तक यूपी पहुंच जाता है, लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।

एमपी में अति भारी बारिश का अलर्ट

मध्यप्रदेश प्रदेश में मानसून के एक्टिव होते ही आंधी-बारिश का दौर तेज हो गया है। मध्य प्रदेश में बुधवार को मानसून आगे बढ़ा। सागर, भोपाल संभाग के कई जिलों से होता हुआ मानसून आगे पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार, अब मानसून उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में पहुंचना बाकी है। अगले एक से दो दिन के भीतर मानसून प्रदेश के अन्य जिलों को भी कवर कर लेगा। मौसम विभाग ने 1 से 7 जुलाई तक जिले में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने, आंधी-तूफान और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

राजस्थान में 3 जुलाई तक होगी मानसून की एंट्री

राजस्थान में इस साल साल मानसून 8 दिन की देरी से अगले 48 घंटे में पहुंचने की संभावना है। विशेषज्ञों का दावा है कि इस बार मानसून 3 जुलाई तक प्रदेश में एंट्री करेगा। इसके प्रभाव से कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बुधवार को 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट किया है। वहीं आगामी तीन दिन अंधड़ की भी चेतावनी जारी की गई है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।