Loading...

टॉय ट्रेन की सैर बनी काल, जोधपुर में 5 साल की मासूम ने गंवाई जान

Follow us

Share

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में 5 साल की मासूम बच्ची की टॉय ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। बच्ची अपने परिवार के साथ मंडोर गार्डन में घूमने गई थी। पिता का आरोप है कि टॉय ट्रेन के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे बच्ची उछलकर ट्रेन से नीचे गिर गई। इस दौरान ट्रेन का पहिया उसकी गर्दन के ऊपर से निकल गया और मौत हो गई। बच्ची के नीचे गिरते ही परिवार वाले जोर-जोर से चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर ने ट्रेन नहीं रोकी। बच्ची को बचाने की कोशिश में चचेरी बहन घायल हो गई। यह घटना 31 मई को शाम करीब 6 बजे की है। हादसे के बाद परिजन दोनों को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची के पिता ने मंडोर थाने में ट्रेन संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

ब्रेक लगते ही उछलकर नीचे गिरी बच्ची

मृतक बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब निवासी ने बताया कि 31 मई को परिवार के साथ मंडोर गार्डन घूमने गया था। उनके साथ पत्नी अफसाना, बेटी अनायरा, भाभी शहनाज और भतीजी मुस्कान (20) भी थी। शाम 6 बजे हम टॉय ट्रेन में बैठे थे। अनायरा अपनी मां और बड़ी मम्मी के साथ बैठी थी। मंडोर स्थित काला-गोरा भैरूजी मंदिर से पहले टॉय ट्रेन के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगते ही अनायरा उछलकर ट्रेन से नीचे गिर गई।

पिता का आरोप- हम रोते रहे, ड्राइवर ने नहीं सुनी बात

पिता का आरोप है कि उसकी बेटी अनायरा के नीचे गिरते ही हम सब एक साथ चिल्लाए और ड्राइवर को ट्रेन रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने ट्रेन नहीं रोकी। इस दौरान ट्रेन का पहिया अनायरा की गर्दन के ऊपर से निकल गया। अनायरा को बचाने की कोशिश में मुस्कान भी घायल हो गई। जिसके बाद वो अपनी बेटी अनायरा और भतीजी मुस्कान को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने अनायरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुस्कान का इलाज किया।

Advertisement

हबीब ने आरोप लगाया कि टिकट लेने से पहले भी ट्रेन खराब होने को लेकर टोका था, लेकिन ये कहकर टाल दिया कि हम लोगों का दिन-रात का काम है। आप बेफिक्र होकर बैठो। इसके बाद ये हादसा हो गया। मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि परिजनों ने ट्रेन संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दी है। उसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।