Loading...

दौसा में मॉब लिचिंग! बाइक चोरी के शक में युवक को पेड़ से बांधकर पीटा, अस्पताल में तोड़ा दम

Follow us

Share

बांदीकुई। राजस्थान के दौसा जिले की बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में मॉब लिचिंग का मामला सामने आया है। यहां बाइक चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक की जान ले ली। बाइक चोरी के शक में ग्रामीणों ने पहले युवक को पेड़ से बांध दिया। इस दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस युवक को अस्पताल लेकर पहुंची। जहां उसकी मौत हो गई। वहीं युवक की मौत की खबर सुनकर परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, हम शव नहीं लेंगे। हमे न्याय चाहिए। यह घटना दौसा जिले के बसवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव के धौलीकुमटी रोड की है।

बसवा थानाधिकारी दारा सिंह ने बताया कि गुरुवार दोपहर 1 बजे सूचना मिली कि पंडितपुरा गांव में लोगों ने एक बाइक चोर को पकड़कर पेड़ से बांध दिया है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान युवक की तबीयत बिगड़ी हुई थी। पुलिस फौरन उसे जीप से ही बसवा अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में बांदीकुई रेफर कर दिया। बांदीकुई सीएचसी में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान दिनेश मीणा (32) निवासी बसवा रोड, बांदीकुई के रूप में हुई है।

ग्रामीण बोल, बाइक चोरी करके भाग रहा था युवक

बसवा थानाधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद गांव वालों से पूछताछ में सामने आया कि दिनेश दोपहर 12 बजे पंडितपुरा रोड से बाइक चोरी करके पंडितपुरा गांव की ओर भाग रहा था। इस दौरान लोगों ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई और युवक दिनेश को पेड़ से बांध दिया और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दिनेश को छुड़ाया। इसके बाद उसे जब ले जाने की कोशिश की तो वह ठीक से खड़ा नहीं हो सका।

Advertisement

डॉक्टर बोले- शरीर पर रस्सी से बांधने के निशान

पुलिस युवक को बांदीकुई उप जिला अस्पताल में लेकर पहुंची। जहां डॉक्टर ने बताया कि युवक के शरीर पर रस्सी से बांधने के निशान मिले हैं। युवक के शरीर पर बाहरी तौर पर कोई चोट नहीं मिली है। अंदरूनी चोट, गर्मी या अन्य कारणों को लेकर कुछ कहना संभवन नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो सकेगा।

मृतक के परिजन पहुंचे अस्पताल

बसवा थानाधिकारी दारा सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर मृतक दिनेश के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। युवक के मौसा जगमोहन ने कहा कि दिनेश बेकसूर था। उसे पेड़ के साथ बांधा और उसके साथ मारपीट गई। जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, हम शव नहीं लेंगे। हमे न्याय चाहिए।

दो महीने से घर पर था युवक

युवक के मौसा जगमोहन ने बताया कि दिनेश दो महीने पहले तक अहमदाबाद में कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था। इसके बाद वह बांदीकुई आ गया। दो महीने से कोई काम नहीं कर रहा था और घर पर ही था। दिनेश के दो छोटे भाई है। एक रेलवे में काम करता है और तीसरा नंबर का भाई पढ़ाई कर रहा है। पिता कैलाश चंद की पहले ही मौत हो चुकी है। दिनेश की डेढ़ साल की बच्ची है।

एएसपी बोले-दोषियों पर कार्रवाई होगी

दौसा एडिशनल एसपी शंकरलाल मीणा ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम होने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत कैसे हुई ये तो पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। जो भी दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई की जाएगी।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।