Loading...

कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ याचिका, CJI बोले- मुद्दे को भावनात्मक तरीके से न लें…जानें सुप्रीम कोर्ट में क्या-क्या हुआ

Follow us

Share

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक वकील ने जनहित याचिका दायर कर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ मामले की जल्द सुनवाई करने की मांग की। हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने वकील को मामले को भावनात्मक तरीके से न लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उचित समय आने पर मामले की सुनवाई की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को एक याचिकाकर्ता से कहा कि वह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के मुद्दे को इतना भावनात्मक तरीके से न लें।

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी के मामले में जनहित याचिका दायर करते हुए वकील एनके गोस्वामी ने अदालत से जल्द सुनवाई की मांग की थी। कोर्ट में याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि CJP, ज्यूडीशियरी की छवि धूमिल कर रही है। इसके बाद CJI और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वीएम पंचोली की बेंच ने कहा, ‘इसे इतनी भावुकता से मत लें।’

जानें सुप्रीम कोर्ट में क्या-क्या हुआ

याचिका एडवोकेट राजा चौधरी ने दायर की है। उन्होंने आंदोलन से जुड़े फर्जी अधिवक्ताओं और फर्जी कानून की डिग्रियों की जांच की भी मांग की है। इसके अलावा, उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में हाल की कार्यवाही के दौरान दिए गए मौखिक अदालती बयानों के कमर्शियलाइजेशन किए जाने के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। वकील की इस दलील पर सीजेआई सूर्यकांत ने कहा, “इसे इतने भावनात्मक तरीके से मत लीजिए।” मुख्य न्यायाधीश ने जनहित याचिका की जल्द सुनवाई की मांग पर कहा कि ऐसी कोई गंभीर तात्कालिकता नहीं है और सर्वोच्च न्यायालय उचित समय पर इसकी नियमानुसार सुनवाई करेगा।

Advertisement

अभिजीत दीपके के घर के बाहर पुलिस तैनात

वहीं महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के घर पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती की गई है। डीसीपी पंकज अतुलकर ने बताया कि यह तैनाती ऐहतियातन की गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर CJP का मुद्दा ट्रेंड कर रहा है, इसलिए उनके घर के बाहर भीड़ न जुटे, इसे देखते हुए यह कदम उठाया गया। हालांकि, उन्होंने किसी तरह की आधिकारिक धमकी मिलने से इनकार किया।

कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 मई को अभिजीत दीपके ने सबसे पहले X पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के साथ कॉकरोच जनता पार्टी लॉन्च की। इसके बाद अगले दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने इंस्टाग्राम हैंडल एक्टिव किया। इसमें सरकार के खिलाफ मीम, युवा मुद्दों वाले पोस्ट वायरल होने लगे। इसी दिन से उनके अकाउंट पर फॉलोअर्स में तेज उछाल शुरू हुआ। 20 मई रात की तक इंस्टाग्राम पर CJP के 66 लाख+ फॉलोअर्स हुए। CJP आम जनता के बीच भी चर्चा का मुद्दा बनने लगा।

BJP और कांग्रेस को पछाड़ा

BJP और कांग्रेस ने 2014 में इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए। 12 साल में बीजेपी के 88 लाख और कांग्रेस के 1.3 करोड़ फॉलोअर्स हुए हैं। लेकिन महज 10 दिन पहले बनी कॉकरोच जनता पार्टी, यानी CJP ने इन दोनों आंकड़ों को छोटा साबित कर दिया। CJP ने अब तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए हैं। हर घंटे करीब 5 लाख फॉलोअर्स बढ़ रहे हैं। सोमवार दोपहर 12 बजे तक CJP के इंस्टाग्राम पर 2.29 करोड़ फॉलोअर्स हो गए हैं।

21 मई को X अकाउंट बंद हुआ तो नया बनाया

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। जब पुराना अकाउंट बंद हुआ, तब 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। संगठन ने कुछ देर बाद नया अकाउंट बनाया। इसका नाम ‘कॉकरोच इज बैक’ रखा गया और बायो में लिखा- कॉकरोच डोंट डाय यानी कॉकरोच मरते नहीं। 25 मई दोपहर 1.30 बजे तक नए X अकाउंट पर 2.27 लाख फॉलोअर्स हैं। CJP के इंस्टाग्राम और X पर ही अकाउंट हैं।

CJP की वेबसाइट अभी भी बंद

अभिजीत ने 24 मई को बताया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। दीपके ने दोपहर 1.14 बजे X पर कहा था- सरकार ने हमारी वेबसाइट बंद कर दी है। उस पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर साइन किए थे। हालांकि यह वेबसाइट अभी बंद है। इसे खोलने पर ‘दिस साइट कान्ट बी रीच्ड’ का मैसेज फ्लैश हो रहा है।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

कॉकरोच जनता पार्टी एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की हालिया कॉकरोच टिप्पणी के बाद सामने आया। सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि ऑनलाइन एक्टिविज्म की आड़ में व्यवस्था पर हमला करने वाले बेरोजगार युवा ‘कॉकरोच’ की तरह हैं। बाद में सीजेआई ने स्पष्ट किया था कि उनका इशारा फर्जी डिग्री रखने वाले लोगों की ओर था।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।