उत्तर भारत में बारिश का कहर: चित्रकूट में बाढ़, मंडी में लैंडस्लाइड; छत्तीसगढ़ में युवक का रेस्क्यू, राजस्थान के 13 जिलों में बारिश
नई दिल्ली/भोपाल । उत्तर भारत में लगातार तेज बारिश ने कई राज्यों में हालात बिगाड़ दिए हैं। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी उफान पर है और लगातार बारिश से सड़कों पर 3 से 5 फीट तक पानी भर गया है। ड्रोन फुटेज में शहर के मुख्य इलाकों में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। रामघाट पर बने पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, वहीं 30 फीट ऊंचा फुट ओवर ब्रिज भी डूब चुका है। घर, स्कूल, मंदिर, होटल, घाट, दुकानें और पुल सब पानी में डूबे हुए हैं। कानपुर में भी तेज बारिश के कारण रेलवे ट्रैक धंस गया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मंडी जिले में पंडोह डैम के पास कैंची मोड़ पर लैंडस्लाइड हुआ, जिसके कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे दोनों ओर से बंद हो गया। यहां सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। राज्यभर में 250 सड़कें बंद हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान के बीकानेर, झुंझुनूं सहित 13 जिलों में शुक्रवार को 4 इंच तक बारिश हुई। धौलपुर में पार्वती नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। श्रीमाधोपुर में दुकानों में पानी घुस गया और फलोदी में शहर के बीच पानी नदी की तरह बहने लगा।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बाकी नदी में युवक बह गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया। राज्य में 1 जून से अब तक 362.1 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है। आज रायपुर, बलौदा-बाजार, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, कोरिया सहित 13 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में इन राज्यों में और बारिश की संभावना जताई है। उत्तर भारत के कई इलाकों में लोग घरों में कैद हैं और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। NDRF और स्थानीय प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।
केंद्र और राज्य सरकारों ने नागरिकों से सावधानी बरतने, सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक रूप से नदियों और पानी भरे इलाकों में न जाने की अपील की है।
इस मानसून सीजन में लगातार हो रही भारी बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
