बाड़मेर प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने ली वंदे गंगा अभियान की समीक्षा बैठक
-बाड़मेर शहर के ड्रैनेज के लिए डीपीआर बनाने के लिए कहा।
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। पशुपालन, गोलपान एवं देवस्थान मंत्री तथा बाड़मेर जिले के प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के क्रियान्वयन की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आगामी मानसून से पूर्व प्राचीन कुएं, बावड़ी, तालाब और जल स्रोतों की साफ-सफाई कर जल संरक्षण के लिए तैयार रखने के दिशा—निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि तालाब, नाड़ी, कुएं एवं पोखर हमारे पारंपरिक जल स्रोत हैं। पहले की पीढ़ियों के लिए यही एक मात्र पानी के स्त्रोत थे। इन सभी प्राचीन जल स्रोतों को संरक्षित एवं स्वच्छ रखना हम सबका कर्तव्य है। इसके साथ ही राज्य सरकार के हरियालों राजस्थान के तहत जिले में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और आमजन को इसके लिए जागरूक करने की बात कही।
कुमावत ने कहा कि जल संरक्षण के लिए हम सबको टीम भावना के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जो पुरानी नाड़ियां या तालाब है उनका इस अभियान के तहत जीर्णोद्धार करके उनको उपयोगी बनाएं, ताकि यह अभियान सही मायने में सार्थक हो। इसके साथ ही वृक्षारोपण के सम्बंध में विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की और यहां की जलवायु के दृष्टिगत अधिक से अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए। कुमावत ने इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों की ओर से अभी तक किए गए कार्यों के बारे में विस्तार से प्रगति रिपोर्ट ली। इसके साथ ही उन्होंने वाटरशेड विभाग को भूजल ग्रहण और जल संरक्षण के लिए सर्म्पूण आवंटित बजट के समय सीमा में पूर्ण सदुपयोग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों के किनारे पेड़ लगाने के निर्देश दिए। बैठक में बाड़मेर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रवि कुमार ने इस अभियान के तहत अभी तक हुई प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बाड़मेर शहर की जल भराव समस्या के समाधान के लिए डीपीआर बनाने के दिए निर्देश—
जिला प्रभारी मंत्री कुमावत ने बाड़मेर शहर में जलभराव की समस्या के निदान के लिए नगर परिषद को स्थाई समाधान के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में विशेषज्ञों से भी राय ली जाए। उन्होंने इस कार्य में सार्वजनिक निर्माण विभाग, पीएचईडी विभाग, नगर परिषद, यूआईटी और आरयूआईडीपी को संयुक्त रूप से प्लान बनाने के निर्देश दिए।
बलदेव नगर का ड्रैनेज का प्लान बनाएं—
जिला प्रभारी मंत्री शहर में स्थित बलदेव नगर में भरने वाले पानी की निकासी, सीवरेज लाइन और नए नाले निर्माण सहित ड्रैनेज प्लान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी विभाग मिलकर इस समस्या का समाधान करें और यहां के निवासियों को इस समस्या से निजात दिलाएं।
बैठक में बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, जिला कलक्टर टीना डाबी सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
