“फ़नकार” ओपन माइक का 22 जून को होगा आयोजन
जयपुर, (रॉयल पत्रिका)। जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, जयपुर राजस्थान सरकार के सहयोग और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध एवं नवरस संस्था की पहल पर पहली बार ओपन माइक कार्यक्रम “फ़नकार – हर स्वर में रस, हर शब्द में रंग” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 22 जून 2025 को दोपहर 3:30 बजे से जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय, गवर्नमेंट माइनॉरिटी गर्ल्स हॉस्टल, शिप्रा पथ, जयपुर में आयोजित होगा। यह एक ऐसा सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा जिसमें शहर के नए और अनुभवी कलाकार कविता, कहानी, शायरी और संगीत के ज़रिए अपने जज़्बात और अनुभव लोगों के साथ बाँटेंगे। कार्यक्रम का मकसद सबको एक खुला और सुरक्षित मंच देना है जहाँ हर कोई अपनी बात खुलकर कह सके और दूसरों को ध्यान से सुन सके। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने बताया कि यह मंच सभी लोगों के लिए है, इसमें हर धर्म, हर समुदाय, हर उम्र और हर सोच के लोगों को एक साथ आने का मौका मिलेगा। यह एक ऐसा मौका होगा जहाँ लोग एक-दूसरे की बात सुनकर एकता और समझ को बढ़ा सकेंगे। “फ़नकार” का मकसद सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ना और सभी को अपनी बात कहने का हौसला देना है। नवरस संस्था की ओर से सभी युवाओं, विद्यार्थियों, कलाकारों और सुनने-समझने वालों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। कार्यक्रम की अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए संपर्क सूत्र 7665044093 तथा 785094909 जारी किए गए हैं।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
