कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से टकराई कार, अंदर का नजारा देख पुलिसकर्मी के उड़े होश

कन्नौज

Gold Smuggling Unique Story In Kannauj :कन्नौज। उत्तरप्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।

कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात हुए एक सड़क हादसे ने ऐसा राज खोल दिया, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। यहां कांवड़ ड्यूटी से लौट रही पुलिस की गाड़ी एक ब्रेजा कार से टकराई। हादसे के बाद पुलिसकर्मी कार सवार युवकों का हालचाल जानने पहुंचे, लेकिन उनकी घबराहट ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। इसके बाद जब कार की तलाशी ली गई तो एक बैग में को देखकर पुलिस के होश उड़ गए।

पुलिस को गाड़ी की तलाशी में करोड़ों रुपए का सोना मिला। पुलिस के मुताबिक, कार से करीब 10 किलो 24 कैरेट सोने के बिस्कुट बरामद हुए हैं। बरामद सोने की कीमत करीब 15 करोड़ 39 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में दोनों के नेपाल से सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सोने की खेप नेपाल के रास्ते भारत लाई गई थी और इसे दिल्ली पहुंचाया जाना था।

एक्सप्रेसवे पर टक्कर से खुला सोने का राज

यह पूरा मामला शनिवार को सामने आया। तालग्राम थाना पुलिस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रूटीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी के पास से एक ब्रेजा कार तेजी से गुजरी। बताया जा रहा है कि कार चालक पुलिस वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार चालक ने वहां से भागने की कोशिश की। पुलिस को उसके व्यवहार पर शक हुआ और जवानों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पुलिस ने कार को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर सोने के बड़े बिस्कुट मिले। सोना बरामद होते ही पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।

कार से मिले 10 किलो सोने के बिस्कुट

पुलिस के अनुसार, कार से करीब 10 किलो सोना बरामद हुआ है। यह सोना 24 कैरेट का बताया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15.39 करोड़ रुपये है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद सोने की जांच के लिए संबंधित विभागों को भी सूचना दी गई। मामले की जानकारी कस्टम और GST विभाग को दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सोने की खेप कहां से आई थी, इसे किसने आरोपियों को दिया था और दिल्ली में इसे किसे सौंपा जाना था।

गोरखपुर के होटल से मिलती थी सोने की खेप

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें सोने की खेप गोरखपुर के एक होटल में दी जाती थी। इसके बाद उन्हें सोना दिल्ली पहुंचाना होता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को दिल्ली में सोना किस व्यक्ति को देना है, इसकी जानकारी पहले से नहीं होती थी। उन्हें केवल तय जगह तक खेप पहुंचाने का काम दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के पालपा जिले के हुंगी गांव निवासी सरोज पंत (33) और महराजगंज जिले के ठूठीबारी निवासी संदीप जायसवाल (28) के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि सोने की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।

सोने की बरामदगी पर सियासी विवाद

कन्नौज में करोड़ों रुपये के सोने की बरामदगी के बाद मामला राजनीतिक विवाद में भी बदल गया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने दावा किया कि कार की तलाशी के दौरान 1-1 किलो वजन के 26 सोने के बिस्कुट मिले थे, लेकिन पुलिस ने केवल 10 बिस्कुट बरामद होने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बरामदगी में गड़बड़ी की जा सकती है। उन्होंने तंज करते हुए लिखा कि ‘दस दिखाया, सोलह गटकाया भाजपा की पुलिस की माया।’ अखिलेश ने आशंका जताई कि कहीं बरामद सोने को किसी अन्य धातु के रूप में दर्ज करके बाद में उसे बदल न दिया जाए। हालांकि, ये आरोप समाजवादी पार्टी की ओर से लगाए गए हैं और पुलिस ने इन्हें पूरी तरह खारिज किया है।

कन्नौज पुलिस ने आरोपों को बताया झूठा

अखिलेश यादव के आरोपों के बाद कन्नौज पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया। पुलिस ने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुल 10 सोने के बिस्कुट ही बरामद हुए थे। पुलिस के मुताबिक, तलाशी और बरामदगी की प्रक्रिया के दौरान GST टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। पूरी कार्रवाई की नियमानुसार वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने कहा कि 26 सोने के बिस्कुट बरामद होने या बरामदगी में किसी तरह की हेराफेरी किए जाने का दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। पुलिस का कहना है कि बरामदगी से जुड़े सभी साक्ष्य जांच का हिस्सा हैं और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच

फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सोने की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद जांच एजेंसियों के सामने कई सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि सोना नेपाल से भारत कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग हैं। इसके अलावा गोरखपुर में आरोपियों को सोने की खेप देने वाले लोगों और दिल्ली में इसे हासिल करने वाले व्यक्ति या गिरोह की भी पहचान की जा रही है।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।