सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार का बड़ा कबूलनामा, सीवान में AK-47 से हुई फायरिंग, जवान भीड़ के बीच फंस गया था

Bihar Siwan AK47 Firing : पटना। बिहार में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। राज्य सरकार ने अदालत में दाखिल हलफनामे में प्रदर्शनकारियों पर अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों से इनकार किया है। सरकार का कहना है कि 22 से 25 जुलाई के बीच बिहार के कई हिस्सों में प्रदर्शन हिंसक हो गए थे। इस दौरान पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के घायल होने की बात कही गई है।

69 एफआईआर, करीब 500 गिरफ्तारियां

बिहार सरकार के मुताबिक, प्रदर्शन को लेकर 69 एफआईआर दर्ज की गईं और करीब 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 222 ऐसे छात्र प्रदर्शनकारी शामिल थे, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। सरकार के मुताबिक, इन सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। वहीं, 18 साल से कम उम्र के ऐसे बच्चों को, जिनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था, साधारण बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया।

हलफनामे में छपरा की घटना का भी जिक्र है। सरकार के अनुसार, वहां दो बीडीओ, तीन पुलिस इंस्पेक्टर, दो सब-इंस्पेक्टर और 11 कांस्टेबल घायल हुए। इनमें एक बीडीओ की एक आंख चली गई, जबकि दूसरे अधिकारी के सिर में गंभीर चोट आई।

Bihar Siwan AK47 Firing
Bihar Siwan AK47 Firing

सीवान और हाथी चौक की फायरिंग का भी जिक्र

सरकार ने सीवान की घटना को लेकर बताया कि भीड़ में फंसने के बाद एक कांस्टेबल ने अपनी AK-47 से हवा में चार राउंड फायर किए। पुलिस के मुताबिक, इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। घटना के बाद कांस्टेबल को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई।

वहीं, हाथी चौक पर एक ASI ने 9 एमएम पिस्टल से दो राउंड फायर किए। सरकार के अनुसार, इस घटना में तीन प्रदर्शनकारियों को गोली लगी। मामले की बैलिस्टिक जांच की जा रही है, जिससे हथियार, फायरिंग की दूरी और गोली चलने के कोण की जानकारी मिल सके।

 

डेटा सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश

राज्य सरकार ने कहा कि प्रदर्शनकारियों की निजी जानकारी और डिजिटल डेटा फिलहाल सार्वजनिक या सोशल मीडिया पर साझा नहीं किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत सभी वीडियो फुटेज और अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश अतिरिक्त DGP को दिए गए हैं। सरकार के मुताबिक, छात्रों समेत प्रदर्शनकारियों की पहचान संबंधी जानकारी प्रकाशित नहीं की जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने भी सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे में अत्यधिक बल प्रयोग के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस के अनुसार, 30 हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए करीब 3 किलोमीटर के क्षेत्र में 5 हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए थे। बैरिकेड टूटने के बाद स्थिति हिंसक हुई और हालात काबू करने के लिए ग्रेडेड फोर्स का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान 240 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 200 प्रदर्शनकारी घायल हुए। पुलिस ने प्रदर्शन में असामाजिक तत्वों और हिस्ट्रीशीटरों के शामिल होने का भी दावा किया है।

ⓘ

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।