हस्तेडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करने की मांग
चौमूं (रॉयल पत्रिका)। ग्राम हस्तेडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में क्रमोन्नत कराने की मांग को लेकर शनिवार 4 जनवरी, 2025 को पूर्व पार्षद राजेश कुमार वर्मा ने शहर के कचोलिया रोड स्थित विधायक कार्यालय पर विधायक डॉ० शिखा मील बराला से भेंटकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्मा ने बताया कि सन 1979 में लगभग 45 वर्ष पूर्व ग्राम हस्तेडा में प्राथमिक स्वास्थ्य स्थापना की गई थी। यह केंद्र वर्तमान में 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र के लोगों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करता है और प्रति दिन यहां 250-300 मरीज उपचार के लिए आते हैं। इसके बावजूद इस केंद्र पर आवश्यक संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी है। वर्मा ने बताया कि गंभीर चिकित्सा समस्याओं के मामले में मरीजों को 15 किलोमीटर दूर स्थित कालाडेरा या गोविंदगढ जाना पडता है। साधनों की कमी और दूरी के कारण अक्सर मरीज समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते, जिससे कई बार जनहानि भी हो जाती है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और आपातकालीन रोगियों के लिए यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। ज्ञापन के माध्यम से वर्मा ने विधायक बराला से आगामी बजट (2025-26) में ग्राम हस्तेडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत किए जाने की मांग की। जिससे बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें और लोगों की जान बचाई जा सके।
Disclaimer
Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.
Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।
