Loading...

गैंगस्टर रोहित गोदारा पर बड़ी कार्रवाई, रातोंरात कैसे जमींदोज हुआ मकान? प्रशासन के इंकार के बाद उठे कई सवाल

गैंगस्टर रोहित गोदारा पर बड़ी कार्रवाई, रातोंरात कैसे जमींदोज हुआ मकान? प्रशासन के इंकार के बाद उठे कई सवाल

Follow us

Share

Gangster Rohit Godara House Demolished : बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के दो मंजिला मकान पर बुलडोजर चला दिया गया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। देर रात मकान के जमींदोज होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। इस कार्रवाई को किसने अंजाम दिया, इस पर अब भी रहस्य बना हुआ है। लोग इसके कारणों को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते रहे। पुलिस का कहना है कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है और प्रशासन ने भी इस कार्रवाई की जिम्मेदारी नहीं ली है। उधर, गोदारा के माता-पिता पहले से ही फिरौती के एक मामले में जेल में बंद हैं।

जेसीबी से तोड़ा गया मकान

बता दें कि लूणकरणसर के कपूरीसर में रोहित गोदारा का मकान है। वहीं लूणकरणसर कस्बे से करीब 16 किलोमीटर दूर तेजाणा ढाणी में दो मंजिला मकान भी है। इस दो मंजिला मकान में लंबे समय से कोई नहीं रहता। देर रात इस मकान का अधिकांश हिस्सा जेसीबी से तोड़ा गया। पीछे का हिस्सा पूरी तरह ढहा दिया गया, दीवारें तोड़ दी गईं। आगे बने मुख्य हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया। दरवाजे और खिड़कियां भी तोड़ दीं। मंगलवार सुबह जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। दावा किया जा रहा है कि लूणकरणसर पुलिस को भी सुबह ही मकान गिराए जाने की जानकारी मिली थी।

जेल में हैं माता-पिता

रतनगढ़ (चूरू) में कांग्रेस नेता राजेंद्र बबेरवाल को फिरौती की धमकी मिलने के बाद 14 मई को उन पर फायरिंग हुई थी। इस मामले की जांच में रोहित गोदारा के पिता संत दास (70) और मां गीता (67) का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों को आर्थिक (फाइनेंशियल) मदद पहुंचाते थे। रतनगढ़ पुलिस ने 30 मई को दोनों को गिरफ्तार किया था। बाद में गीता को बीकानेर जेल भेज दिया गया, जबकि संत दास को हरियाणा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर अपने साथ ले गई। वहां अदालत में पेश करने के बाद संत दास को भी जेल भेज दिया गया। रोहित के माता-पिता कपूरीसर वाले मकान में रहते थे।

पुलिस बोली- शिकायत मिलेगी तो करेंगे कार्रवाई

बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया- अब तक मकान गिराए जाने को लेकर किसी ने कोई शिकायत नहीं दी है। यदि शिकायत मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले में लूणकरणसर एसडीएम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Advertisement

अगर प्रशासन नहीं, तो मकान किसने गिराया?

इस मामले ने उस समय और रहस्य का रूप ले लिया जब प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस कार्रवाई में उसकी कोई भूमिका नहीं है। प्रशासन के इस बयान के बाद विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि घटना के कारणों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है लेकिन मामले में फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं ग्रामीण भी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, जिससे पूरे घटनाक्रम पर रहस्य बना हुआ है।

FBI की चार्जशीट में लॉरेंस, रोहित समेत कई नाम

उधर, कनाडा में खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर अमेरिका में एफबीआई ने पिछले हफ्ते पहली बार चार्जशीट दाखिल की। इसमें दावा है कि हत्या का आदेश भारतीय जेल में बंद लॉरेंस और फरार चल रहे गोल्डी बराड़ ने दिया था। चार्जशीट में लॉरेंस, गोल्डी, रोहित गोदारा सहित कई गैंगस्टर का नाम है। दरअसल, अमेरिका लॉरेंस समेत कई भारतीय अपराधियों के नेटवर्क पर कार्रवाई करने के लिए ऑपरेशन हार्ड बॉल चला रहा है। इसी के तहत 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 37 लोगों के खिलाफ अमेरिकी फेडरल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई।

Disclaimer

Royal Patrika is an independent news portal and weekly newspaper. Content is published for informational purposes only. Royal Patrika does not take responsibility for errors, omissions, or actions taken based on published information.

Royal Patrika एक स्वतंत्र समाचार पोर्टल और साप्ताहिक समाचार पत्र है। यहां प्रकाशित सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से है। प्रकाशित जानकारी के आधार पर लिए गए किसी भी निर्णय, त्रुटि या नुकसान के लिए Royal Patrika जिम्मेदार नहीं होगा।